उनकी सोच का पैनापन देखिये
मैं तो चाँद गुलाब और झीलों पर ठहरी हूँ
मगर वहाँ तो चेहरों पर भी फसल उग आती है
मैं तो अभी उथले सागर में मोती ढूँढ रही हूँ
मगर वहाँ तो बंजर जमीन पर भी हरियाली छाती है
एक टुकड़ा मोहब्बत का समेट लेती हूँ
और कुछ देर खुश हो लेती हूँ
या दर्द की चादर में चेहरा छुपा लेती हूँ
मगर वहाँ तो सर्द आँखों में भी ज़िन्दगी झिलमिलाती है
कभी रोटी में तो कभी बोटी में
कभी खांसी में तो कभी शराब की बोतल में
एक सहमी दवा नज़र आती है
सिर्फ चंद लफ्ज़ गढ़ लेना
सूरज चाँद सितारों और मोहब्बत पर लिख लेना
ये कोई बड़ी बात नहीं
देखना है तो देख
एक बार मुड कर अपने पास भी
कहीं चिलचिलाती धूप सी महंगाई की मार ने
कैसे बाबू की कमर को तोडा है
जो वक्त से पहले ही झुक गयी है
आँखों में चिंताओं की अनगिनत छाप छोड़ गयी है
तो कहीं दिखावों रिश्वतों की भेंट
महंगाई चढ गयी है
स्विस बैंकों और तिजोरियों मे
गड्डी जमा हो गयी हैं
देखना है तो देख
उस रामदीन को
जिसके छप्पर की छत उड़ गयी है
और बरसात भी सिर पर आ गयी है
टपकते पानी की रात भी
कटोरों में सिमट गयी है
और सुबह फिर ज़िन्दगी
अपने हिसाब पर निकल गयी है
तो दूसरी तरफ़
किसी के शौचालय भी
वातानुकूलित बने हैं
देखना है तो देख
वहाँ मैरिट निकल गयी है
और तेरे देश के भविष्य से
उसकी सीट छीन गयी है
महज़ फीस अदा ना कर पाने की एवज में
और वो किसी क्लर्क की नौकरी तक ही
सिमट कर रह गयी है
और दूसरी तरफ
अयोग्यता सिर्फ पैसे के बल पर
आज उच्च पद पर आसीन हो गयी है
देखना है तो देख
उस किसान के घर में
जहाँ रामखिलावन को
बच्चों और बैलों की भूख
नज़र आती है
और कोई उपाय ना मिलने पर
कीटों पर छिडकने वाली दवा में ही
अपनी और घर के सदस्यों की
खुशियाँ नज़र आती हैं
देखना है तो देख
उस आदिवासी के घर को
जहाँ एक साड़ी में
छह छह अबलायें सिसक रही हैं
सिर्फ बाहर जाने वाली ही
उस कफ़न को ओढ़ रही है
और दूसरी तरफ
रोज कोई दिन में चार चार साड़ियाँ बदल रही है
देखना है तो देख
उस कामगार के घर में
जहाँ एक वक्त की रोटी के लिए
सिर्फ पांच रूपये और एक सिगरेट के बदले
औरतें बिक रही हैं
और कहीं कोई रोज
जुए में पैसे उडा रही है
और अपना रौब जमा रही है
देखना है तो देख
उन पटाखों की फैक्टरियों में
जहाँ बचपन कैसे जल रहा है
हाथों पर पड़े फफोलों से
कैसे लड़ रहा है
और खाने को फिर भी
तरस रहा है
और दूसरी तरफ
कोई भरी थाली सरका रहा है
उसे तो पिज्जा और बर्गर भा रहा है
देखना है तो देख
जहाँ छातियाँ भी सूख चुकी हैं
दूधमूंहे की दूध की आस भी टूट चुकी है
बंद चूल्हे पर भिगोने मे
खिचडी बनाने का भरम
वो बच्चों को दे रही है
और थपकियों और लोरियों मे
नींद को चुनौती दे रही है
तो दूसरी तरफ़
कहीं कूकर भी दूध पी रहे हैं
और अपनी किस्मत पर
रश्क कर रहे हैं
ये किस्मत का बेतरतीबपना
कहीं ज़िन्दगी कहकहों मे पल रही है
तो कहीं तपती भट्टियों मे जल रही है
मगर शिकायत ना कोई कर रही है
कहना लिखना बहुत आसान लगता है
मोहब्बत पर , दर्द पर
मगर सच्चाइयों के कठोर धरातल पर खड़े होकर
कटु सत्यों से रु-ब-रु होकर
सत्य के आइनों में झांकना दुरूह होता है
फिर बताओ तो ज़रा
लिखना कैसे संभव हो सकता है
उन परिस्थितियों पर
जहाँ ज़िन्दगी ----अगर उसे ज़िन्दगी कहो तो
एक जंग खुद से ही लड़ रही होती है
सांस लेने के क़र्ज़ उतार रही होती है
वहाँ कवितायेँ नहीं बना करतीं
वहाँ हकीकतें हड्डियों में सिहरन पहुँचाती हैं
वहाँ दवा , दुआ, ताकत, हैसियत सब फ़िज़ूल नज़र आती है
जहाँ ज़िन्दगी हर पल मौत से आँख मिलाती है
और कह जाती है .........ये होता है ज़िन्दगी का पैनापन
गर हिम्मत हो तो और आजमा लेना
जज्बों को मत कविताओं में तोलना
खुशफहमियों से ज़रा बाहर निकलना
और अपनी कलम में कुछ ऐसा ही पैनापन भरना
तभी सार्थक होगा जीना , लिखना और कहना