पेज

मेरी अनुमति के बिना मेरे ब्लॉग से कोई भी पोस्ट कहीं न लगाई जाये और न ही मेरे नाम और चित्र का प्रयोग किया जाये

my free copyright

MyFreeCopyright.com Registered & Protected

शनिवार, 6 जुलाई 2013

खुद से खुद को हारती .......... एक स्त्री

मेरे अन्दर की स्त्री भी 
अब नहीं कसमसाती 
एक गहन चुप्पी में 
जज़्ब हो गयी है शायद 

रेशम के थानों में 
अब बल नहीं पड़ा करते 
वक्त की फिसलन में 
ज़मींदोज़ हो गए हैं शायद 

बिखरी हुयी कड़ियाँ 
अब नहीं सिमटतीं यादों में 
काफी के एक घूँट संग 
जिगर में उतर गए हैं शायद 

बेतरतीब ख़बरों के 
अफ़साने नहीं छपा करते 
अख़बार की कतरनों में 
नेस्तनाबूद हो गए हैं शायद 

(खुद से खुद को हारती .......... एक स्त्री अपनी चुप से लड रही है )

सोमवार, 1 जुलाई 2013

इंतज़ार के कहकहे खुद लगाना ………



मेरे ख्वाबों की जलपरी ने 
इंतज़ार के शहजादे को 
जब से आँख की पुतली बनाया 
दिन गूंगे हो गए 
और रातें तन्हाई का लिबास पहन सुहागन 
क्या फर्क पड़ता है 
आस्मां तारों भरी चूनर पहने 
या अर्धरात्रि के चाँद से रोशन हो 

ख्वाबों की दुनिया से हकीकत की दुनिया तक के
फासले यूं ही तय नहीं किये जाते 
बिना रंगों के फूल सेज पर कितना सहेजो 
इंतज़ार के शहजादे हर दुल्हन की मांग नहीं भरा करते 

वो दूर वीराने में मंदिर में जलता दीया हो 
या दिल के तहखाने में जलती आस की शम्मा
ख्वाबों की जलपरियाँ कर ही लेती हैं अपने चाँद का दीदार 

अब वक्त के रौशनदान से चाहे झडे या नहीं कोई आस की किरण
ख्वाबों की शहज़ादियाँ बना ही लेती हैं 
इंतज़ार के शहज़ादे का ताजमहल 
और बुतपरस्ती बन जाती है उनकी इबादत उनका जुनून 

इंतज़ार के कहकहे खुद लगाना ………ये भी अन्दाज़ है इक मोहब्बत का 

बुधवार, 26 जून 2013

ज़िन्दगी यूं ही कटती रही

तुम कहते रहे मै गुनती रही
ज़िन्दगी यूं ही कटती रही

कभी सलीबों पर लटकती रही
कभी ताजमहल बनाती रही
ज़िन्दगी यूं ही कटती रही

कभी रूह पर ज़ख्म देती रही
कभी मोहब्बत के फ़ूल खिलाती रही
ज़िन्दगी यूं ही कटती रही

कभी तुझमे मुझे ढूँढती रही
कभी इक दूजे मे गुम होती रही
ज़िन्दगी यूँ ही कटती रही

कभी सब्जबाग दिखाती रही
कभी हकीकत डराती रही
ज़िन्दगी यूँ ही कटती रही

कभी राह रौशन करती रही
कभी शम्मा बन जलती रही
ज़िन्दगी यूँ ही कटती रही

बुधवार, 19 जून 2013

एक चेहरा : कितने रूप और क्यों ?

विभीषिका बना रही हूँ 
अपने चेहरे तुम्हें दिखा रही हूँ 
अब भी संभल जाना 
समय रहते चेत जाना
वो कुसुम कली सी खिलखिला रही थी 
अपनी अठखेलियों से लुभा रही थी 
नन्ही शिशु सी मुस्कुरा रही है 
हर जीव में उमंग उत्साह जगा रही थी 
ना जाने कैसे काल की  कुदृष्टि पड़ी 
जहाँ जीवन लहलहा रहा था 
वहाँ दोहन का राक्षस बाँछें खिलाये 
दबे पाँव चला आ रहा था 
किसी को ना पता चला 
मानव के स्वार्थ रुपी राक्षस ने 
उस का सारा सौंदर्य लील लिया 
ना जाने कौन किस पर अट्टहास कर रहा था 
मगर उसका सौंदर्य तो पैशाचिक भेंट चढ़ चुका था 
बस दोषारोपण का सिलसिला चल निकला 
मगर खुद पर ना किसी ने दृष्टिपात किया 
हाय ! ये मैंने क्या किया 
इतने सुन्दर सौंदर्य को विनष्ट किया 
अब हाथ मल पछताने से कुछ ना होगा 
जिसने जो खोया उसका न कही भरण होगा 
अब ना वो प्राकृतिक सौंदर्य होगा 
अब ना वैसा रूप लावण्य होगा 
सोच सोच प्रकृति सहमी जाती है 
और मानव कृत विनाशलीला पर 
हैरान हुयी जाती है ...........



जहाँ ना शिव का डमरू बजा ना मृदंग 
फिर भी 
हे ईश्वर ! ये कैसा तांडव हुआ ...........
क्या अब भी कोई समझ पायेगा 
क्या अब भी ये मानव जान पायेगा 
या फिर हमेशा की तरह पल्ला झाड 
फिर से दोहन में जुट जाएगा ...........
या फिर प्रकृति को हर बार 
अपनी आबरू बचाने के लिए 
रौद्र रूप धारण करना होगा 
ये तो समय की परतों में छुपा है 
मगर 
आज का सच तो शर्मनाक हुआ है 
जहाँ प्रकृति कुपित हुयी है 
अपनी लज्जा ढांपने को मजबूर हुयी है 



वो तो वक्त वक्त पर 
धीमी हुंकारें भरती रही 
कोशिश अपनी करती रही 
शायद अब समझ जाएगा 
मेरी करवट से ही जाग जाएगा 
मगर न इस पर असर हुआ 
इसके दुष्कृत्य ना बंद हुए 
थक हार कर मुझे ही कदम बढ़ाना पड़ा 
ना केवल अपने सौंदर्य को बचाने के लिए 
बल्कि इसी सम्पूर्ण मानव जात को बचाने के लिए 
कुछ अपनों की बलि लेनी पड़ी 
ताकि आने वाली पीढ़ी की सांसें ना फूले 
एक स्वस्थ वायुमंडल में वो जन्म ले 
क्योंकि ...........सुना है 
कैंसरग्रस्त हिस्से को काट फेंकने पर ही जीवनदान मिला करता है 
और 
तुम्हारी दोहन की आदत 
वो ही कैंसरग्रस्त हिस्सा है 
जिसके लिए ये कदम उठाना पड़ा 
अपना रौद्र रूप दिखाना पड़ा 
अब भी संभल जाना 
मत मुझे इलज़ाम देना 
वरना
कल फिर किसी भयानक त्रासदी के लिए तैयार रहना 
तो क्या तैयार हो तुम .............ओ उम्दा दिमाग वाले मानव !

चेतावनी :(मत कर दोहन सब लील जाऊंगी ,अपनी पर आई तो सब बहा ले जाऊंगी )

मंगलवार, 18 जून 2013

अब इसे क्या समझूँ ?

मेरी डायरी का 
हर वो पन्ना 
अब तक लाल है 
जिस पर तुम्हारा नाम लिखा है 
जिस पर तुम्हारे नाम संदेस लिखा है 
जिस पर तुमसे कुछ लम्हा बतियायी हूँ 

(जानते हो न डायरी ये कौन सी है .......दिल की डायरियों पर तारीखें अंकित नहीं हुआ करतीं )

जबकि सुना है 
वक्त के साथ कितना भी सहेजो 
पन्ने पीले पड़ जाते हैं 
अब इसे क्या समझूँ ?
तुम्हारी प्रीत या मेरी शिद्दत .......जो आज भी जिंदा है 

(एक मुद्दत हुयी ज़िन्दगी से तो खफा हुए .......)

रविवार, 16 जून 2013

बस महज इतना ही योगदान है क्या पिता का?


पिता होना या पिता के लिये कुछ लिखना या कहना
इतिहास के पन्नों पर कभी अंकित ही नहीं हुआ
किसी ने पिता को उतना महत्त्व ही नहीं दिया
तो कैसे मिलती सामग्री इतिहास के पन्नों में
या कैसे होता अवलोकन किन्हीं धार्मिक ग्रंथों में
एक दो जगह अवपाद को छोडकर 


शिशु का उदभव यूँ ही नहीं होता
दो बूँद वीर्य की पिता के 
दे जाती हैं एक सरंचना को जन्म
बस महज इतना ही योगदान है क्या पिता का?
क्या हमने सिर्फ़ इतना ही जाना है  पिता का होना
तो फिर हमने जाना ही नहीं 
हमने किया ही नहीं दर्शन पितृ महत्त्व का

पिता होने का तात्पर्य 
ना केवल जिम्मेदार होना होता है
बल्कि अपने अंश को 
एक बेहतर जीवन देना भी होता है
भरना होता है उसमें अदम्य साहस
चक्रवातों से लडने की हिम्मत
भरनी होती है उत्कंठा 
आसमानों पर इबारत लिखने की
निडर बनने की
योजनाबद्ध चलने की 
दूरदृष्टि देने की
अपने अनुभवों की पोटली
उसके समक्ष खोलने की
यूँ ही नहीं एक व्यक्तित्व का 
निर्माण है होता
यूँ ही नहीं घर समाज और देश
उन्नति की ओर अग्रसर होता
केवल भावनाओं के बल पर
या लाड दुलार के बल पर
सफ़ल जीवन की नींव नहीं रखी जा सकती
और जीने की इस जीजिविषा को पैदा 
सिर्फ़ एक पिता ही कर सकता है
बेशक भावुक वो भी होता है
बेशक अपने अंश के दुख दर्द से 
दुखी वो भी होता है
पर खुद की भावनाओं को काबू में रखकर
वो सबके मनोबलों को बढाता है
और धैर्य का परिचय देना सिखाता है
यही तो जीवन के पग पग पर
उसके अंश का मार्गदर्शन करता है
फिर कैसे कह सकते हैं 
पिता का योगदान माँ से कम होता है
क्योंकि
सिर्फ़ जन्म देने भर से ही 
या नौ महीने कोख में रख 
दुख सहने भर से ही
या उसके लालन पालन में 
रातों को जागकर 
या गीले सूखे मे सोना भर ही
माँ को उच्च गरिमा प्रदान करता है
और पिता को कमतर आँकता है
ये महज दो हिस्सों में बाँटना भर हुआ 
जबकि योगदान तो बच्चे के जीवन मे
पिता का भी कहीं भी माँ से ना कम हुआ
अब इस दृष्टिकोण को भी समझना होगा


और पिता को भी उसका उचित स्थान देना होगा

गुरुवार, 13 जून 2013

निष्ठुर प्रेमिका और दीवानावार प्रेमी



प्रेमी : तुम मुझे अच्छी लगती हो 
प्रेमिका : तो अपनी सीमा में रहकर चाहो 

प्रेमी : तुमसे प्यार करता हूँ 
प्रेमिका : तो अपने मन में सराहो 
उस चाहत का सरेआम 
क्यूँ बाज़ार लगाते हो ?
क्यूँ मेरी सीमाओं का अतिक्रमण करते हो ?

तुम्हारी 
पसंद तुम्हारी चाहत 
तुम्हारे वजूद का हिस्सा है 
क्यूँ उसे मेरे
वजूद पर हावी करते हो 
क्यूँ मुझसे अपने प्रेम का 
प्रतिकार चाहते हो 

प्रेमी : चाहत तो प्रतिकार चाहती ही हैं 
प्रेम का इज़हार चाहती है

प्रेमिका : मगर मैंने कब कहा 
तुमसे प्रेम करती हूँ ?

प्रेमी : जब तक इज़हार न करूंगा 
तो कैसे अपने प्रेम का 
बीज तुम्हारे ह्रदय में रोपूँगा 
जब प्रेम का अंकुर फूटेगा 
तब इज़हार स्वयं हो जाएगा 

प्रेमिका : तो जाओ ! 
धूनी रमाओ 
और करो कोशिश 
बीज रोपित करने की 
मगर इतना जान लो 
मरुभूमि में सिर्फ कैक्टस ही उगा करते हैं 

एक संवेदनहीन प्रेमिका 
एक दीवानावार प्रेमी 
एक तपता  रेगिस्तान 
एक शीतल हवा का झोंका 
किसी कहानी के टुकड़े सा 
क्या कभी एक कश्ती में सवार हो पाए हैं 
क्या कभी मोहब्बत के फूल 
चिताओं की राख पर उग पाए हैं 
प्रेमी प्रेमिका के संवाद की तरह 
क्या कभी कोई खुशबू बिखेर पाए हैं 
ख़ोज में हूँ ....संवाद की सार्थकता की  
उस निष्ठुर प्रेमिका की 
जो जलती लकड़ी सी हर पल सुलगती हो 
और उस दीवानावार प्रेमी की 
जो किसी दरवेश सा , किसी जोगी सा 
सिर्फ प्रेम की अलख जगाये 
मन के इकतारे पर एक धुन बजाता हो 
और मरुभूमि में उपजे कैक्टस में भी 
प्रेम रस की धारा बहाता हो ..................
जहाँ संवाद हकीकत बन जाए 
और एक प्रेम कुसुम मेरी रूह पर भी खिल जाए 
खोज रही हूँ ........खुद में वो निष्ठुर प्रेमिका 
और एक अदद ...............................

रविवार, 9 जून 2013

आल इंडिया रेडियो पर प्रसारित कार्यक्रम में मेरा काव्य पाठ

लीजिये दोस्तों सुनिये आज 9/6/2013 को  आल इंडिया रेडियो पर प्रसारित कार्यक्रम में मेरा काव्य पाठ इस लिंक पर 
हिन्द युग्म के शैलेष भारतवासी की शुक्रगुज़ार हूँ जो उन्होंने ये लिंक उपलब्ध करवाया 

शुक्रवार, 7 जून 2013

कभी तो लौटती डाक से जवाब आयेगा

लिखी रोज पाती तुम्हें
और फिर इंतज़ार की सीलन को
गले लगाकर बैठ गयी
इस चाह में
शायद
कभी तो लौटती डाक से जवाब आयेगा
मगर ये हकीकत भूल गयी थी
अब लिफ़ाफ़ों अन्तर्देशीय पत्रों पर लिखी इबारतों का जवाब देने का चलन नहीं रहा………
और मैं ना जाने कब से
अब भी आदिम युग की तस्वीर को सहला रही हूँ
सहेजे बैठी हूँ धरोहर के रूप में
क्योंकि ………जानती हूँ
युगों के बदलने से मोहब्बत के फ़लसफ़े नहीं बदला करते
आयेगा …………जवाब जरूर आयेगा
फिर चाहे मेरी उम्मीद के बादल को बरसने के लिये
किसी भी युग के आखिरी छोर तक इंतज़ार क्यों ना करना पडे
क्योंकि प्रेम के विस्थापित तो कहीं स्थापित हो ही नहीं पाते

मंगलवार, 4 जून 2013

ढूँढता हूँ शहर मैं जो बरसों पहले खो गया

ढूँढता हूँ शहर मैं जो बरसों पहले खो गया 
जाने किस सभ्यता में दफ़न कैसे हो गया 

जहाँ तिलिस्मों के बाज़ार में बिकती हों ख्वाहिशें 
उन ख्वाहिशों का कोई खरीदार कैसे हो गया 

इक अंगरखे के नकाब में निकलते हैं जो सड़कों पर 
पैरों की जूतियों का कोई तलबगार कैसे हो गया 

ये मौसमों की बदलती सीरत जो देखी हर तरफ 
जाने उन हवाओं का कोई पहरेदार कैसे हो गया 

वक्त की नुमाइशे जो क़त्ल भी किया करती थीं कभी 
जाने उन चौबारों पर आज ऐतबार कैसे हो गया 

शुक्रवार, 31 मई 2013

क्या आँच पहुंची वहाँ तक ?

वो एक कतरा जो भिगो कर
भेजा था अश्कों के समंदर में
उस तक कभी पहुँचा ही नहीं
या शायद उसने कभी पढ़ा ही नहीं 
फिर भी मुझे इंतज़ार रहा जवाब का 
जो उसने  कभी दिया ही नहीं 
जानती हूँ ............
वो चल दिया होगा उन रास्तों पर 
जहाँ परियां इंतजार कर रही होंगी
कदम तो जरूर बढाया होगा उसने
मगर मेरी सदायें आस पास बिखरी मिली होंगी
और एक बार फिर वो मचल गया होगा
जिन्हें हवा में उडा आया था 
उन लम्हों को फिर से कागज़ में 
लपेटना चाहा होगा
मगर जो बिखर जाती है
जो उड़ जाती है
वो खुशबू कब मुट्ठी में कैद होती है
और देखो तो सही
आज मैं यहाँ गर्म रेत को 
उसी खुशबू से सुखा रही हूँ 
जिसे तूने कभी हँसी में उड़ाया था
बता अब कौन सी कलम से लिखूं
हवा के पन्ने पर सुलगता पैगाम
कि ज़िन्दगी आज भी लकड़ी सी सुलग रही है 
ना पूरी तरह जल रही है ना बुझ रही है 
क्या आँच पहुंची वहाँ तक ?

मंगलवार, 28 मई 2013

कभी देखा है खामोश आसमाँ

कभी देखा है खामोश आसमाँ
दिनकर की उदास बिखरती प्रभाएँ
पंछियों का खामोश कलरव
सुदूर में भटकता कोई अस्तित्व
खामोश बंजर आसमाँ की
चिलमनों में हरकत लाने की कोशिश में
दिन में चाँद उगाने की चाहत को
अंजाम देने की इकलौती इच्छा को
पूरा करने की हसरत में
कभी कभी आसमाँ को अंक में
भरने को आतुर उसके नयन
खामोश शब् का श्रृंगार करते हैं
और आसमाँ की दहलीज पर रुकी
साँझ पल में बिखर जाती है
पर आसमाँ की ख़ामोशी ना तोड़ पाती है
कहीं देखा है टूटा - बिखरा हसरतों का जनाजा ढोता आसमाँ ?

शनिवार, 25 मई 2013

तपती रेत का रेगिस्तान हूँ मैं

तुम और तुम्हारे लाजिक
समझ नहीं आते कभी कभी
कितना हल्के में लेते हो 
कभी कभी चीज़ों को
खासतौर पर यदि 
वो तुमने किया हो
सिर्फ़ एक इतना भर कह देना
"क्या हुआ फिर ……ऐसे ही होता है "
मगर अपनी गलती कभी नहीं स्वीकारना
और यदि कुछ ऐसा मैने किया होता 
तो ……
क्या तब भी यही कहते ?
नहीं ……यही है तुम्हारा दोगला चरित्र 
सिर्फ़ अपने लिये जीने वाला
हुंह ………क्यों लिख रही हूँ
क्यों कह रही हूँ
फिर किसे और किसके लिये
खुद से बडबडाने की आदत गयी नहीं अब तक
जबकि जानती हूँ
तुम तक कभी नहीं पहुँचेगी मेरी आवाज़
तुम कभी नही जान पाओगे मुझे 
नहीं समझ पाओगे मेरी चाहत
क्योंकि
चाहतों के लिये बन्दगी में सिर झुकाना होता है
और ये तुम्हारे अहम को मंज़ूर नहीं होगा 
इसलिये 
अब ना गिला ना शिकवा करने का मन करता है
ना तुम पर दोषारोपण का या बहस का
हर बार विश्वास की धज्जियाँ उडाते 
तुमने कभी देखा ही नहीं
मेरा वजूद भी उसके साथ
चिंदी चिंदी बन बिखरता रहा
और आज मुझमें "मैं" बची ही नहीं
वो ही वाली "मैं" जिसका
हर शब्द, हर आस , हर विश्वास
हर दिन, हर रात , हर सुबह , हर शाम
सिर्फ़ और सिर्फ़ तुम ही तुम थे 
वक्त किसी का ऐसा इम्तिहान ना ले
कश्ती हो कागज़ की और सागर पार करना हो वो भी बिना डूबे 

तपती रेत का रेगिस्तान हूँ मैं
ज़रा एक अलाव और जला दो ………सुकूँ से जीने के लिये

मंगलवार, 21 मई 2013

"बेबाक महिला "

सुनो 
मत खाना तरस मुझ पर 
नहीं करना मेरे हक़ की बात 
न चाहिए कोई आरक्षण 
नहीं चाहिए कोई सीट बस ,ट्रेन या सफ़र में 
मैंने तुमसे कब ये सब माँगा ?
जानते हो क्यों नहीं माँगा 
क्योंकि 
तुम कभी नहीं कर सकते मेरी बराबरी 
तुम कभी नहीं पहुँच सकते मेरी ऊँचाईयों पर 
तुम कभी नहीं छू सकते शिखर हिमालय का 
तो कैसे कहते हो 
औरत मांगती है अपना हिस्सा बराबरी का 
अरे रे रे ..............
फ़िलहाल तो 
तुम डरते हो अन्दर से 
ये जानती हूँ मैं 
इसलिए आरक्षण , कोटे की लोलीपोप देकर 
अपने कर्त्तव्य की इतिश्री करते हो 
जबकि मैं जानती हूँ 
तुम मेरे बराबर हो ही नहीं सकते 
क्योंकि 
हूँ मैं ओत-प्रोत मातृत्व की महक से 
जनती हूँ जीवन को ......जननी हूँ मैं 
और जानते हो 
सिर्फ जनते समय की पीड़ा का 
क्षणांश भी तुम सह नहीं सकते 
जबकि जनने से पहले 
नौ महीने किसी तपते रेगिस्तान में 
नंगे पाँव चलती मैं स्त्री 
कभी दिखती हूँ तुम्हें थकान भरी 
ओज होता है तब भी मेरे मुख पर 
और सुनो ये ओज न केवल उस गर्भिणी 
गृहणी के बल्कि नौकरीपेशा के भी 
कामवाली बाई के भी 
वो सड़क पर कड़ी धूप  में 
वाहनों को दिशा देती स्त्री में भी 
वो सड़क पर पत्थर तोडती 
एक बच्चे को गोद में समेटती 
और दूजे को कोख में समेटती स्त्री में भी होता है 
और सुनना ज़रा 
उस आसमान में उड़ने वाली 
सबकी आवभगत करने वाली में भी होता है 
अच्छा न केवल इतने पर ही 
उसके इम्तहान ख़त्म नहीं होते 
इसके साथ निभाती है वो 
घर परिवार और बच्चों की जिम्मेदारी भी 
पूरी निष्ठां और ईमानदारी से 
जरूरी तो नहीं न 
हर किसी को उपलब्ध हों वो सहूलियतें 
जो एक संपन्न घर में रहने वाली को होती हैं 
कितनी तो रोज बस ट्रेन की धक्कामुक्की में  सफ़र कर 
अपने गंतव्य पर पहुँचती हैं 
कोई सब्जी बेचती है तो कोई होटल में 
काम करती है तो कोई 
दफ्तर में तो कोई कारपोरेट ऑफिस में 
जहाँ उसे हर वक्त मुस्तैद भी रहना पड़ता है 
और फिर वहां से निकलते ही 
घर परिवार की जिम्मेदारियों में 
उलझना होता है 
जहाँ कोई अपने बुजुर्गों की सेवा में संलग्न होती है 
तो कोई अपने निखट्टू पति की शराब का 
प्रबंध कर रही होती है 
तो कोई अपने बच्चों के अगले दिन की 
तैयारियों में उलझी होती है 
और इस तरह अपने नौ महीने का 
सफ़र पूरा करती है 
माँ बनना आसान नहीं होता 
माँ बनने के बाद संपूर्ण नारी बनना आसान नहीं होता 
तो सोचना ज़रा 
कैसे कर सकते हो तुम मेरी बराबरी 
कैसे दे सकते हो तुम मुझे आरक्षण 
कैसे दे सकते हो कोटे में कुछ सीटें 
और कर सकते हो इतिश्री अपने कर्त्तव्य की 
जबकि तुम्हारा मेरा तो कोई मेल हो ही नहीं सकता 
मैंने तुमसे कभी ये सब नहीं चाहा 
चाहा तो बस इतना 
मुझे भी समझा जाए इंसान 
मुझे भी जीने दिया जाए 
अपनी इच्छाओं आकांक्षाओं के साथ 
बराबरी करनी हो तो 
आना मेरी ऊँचाई तक 
मेरी जीवटता तक 
मेरी कर्मठता तक 
मेरी धारण करने की क्षमता तक 
जब कर सको इतना 
तब कहना बराबर का दर्जा है हमारा 
जानना हो तो इतना जान लो 
स्त्री हूँ .........कठपुतली नहीं 
जो तुम्हारे इशारों पर नाचती जाऊं 
और तुम्हारी दी हुयी भीख को स्वीकारती जाऊं 
आप्लावित हूँ अपने ओज से , दर्प से 
इसलिए नही स्वीकारती दी हुयी भीख अब कटोरे में 
जीती हूँ अब सिर्फ अपनी शर्तों पर
और उजागर कर देती हूँ स्त्री के सब रहस्य बेबाकी से 
फिर चाहे वो समाजिक हों या शारीरिक संरचना के 
तोड देती हूँ सारे बंधन तुम्हारी बाँधी
वर्जनाओं के , सीमाओं के 
और कर देती हूँ तुम्हें बेनकाब
इसलिय नवाजी जाती हूँ "बेबाक महिला " के खिताब से 
और यदि इसे तुम मेरी बेबाकी समझते हो तो 
गर्व है मुझे अपनी बेबाकी पर 
क्योंकि 
ये क्षमता सिर्फ मुझमे ही है 
जो कर्तव्यपथ पर चलते हुए 
दसों दिशाओं को अपने ओज से नहला सके 
और अपना अस्तित्व रुपी कँवल भी खिला सके 

शुक्रवार, 17 मई 2013

" मन पखेरू उड़ चला फिर "………आखिर कैसे ये कमाल हुआ



जीवन एक कविता ही तो है बस जरूरत है तो उसे गुनगुनाने की , जीवन एक प्रेमगीत ही तो है बस जरूरत है तो उसमें रच बस जाने की और इन सब भेदों को जीवन्त किया सुनीता शानू ने अपने काव्य संग्रह " मन पखेरू उड़ चला फिर " के माध्यम से जो हिन्द युग द्वारा प्रकाशित काव्य संग्रह है .

मन की गति अबाध होती है  . कौन कौन से ब्रह्मांडों की सैर पर निकल जाती है कोई सोच भी नहीं सकता मगर सुनीता के पैर धरती पर ही हैं बस मन है जो हिरन सा कुलांचे भरता अपने लक्ष्य की और दौड़ रहा है . कभी प्रेम बनकर तो कभी विरह बनकर , कभी मानवीय सरोकारों से जूझता तो कभी जीने की जिजीविषा का गान बनकर एक ऐसा संगीत बनकर जो प्रकृति सा निस्सृत बह रहा है और पाठक उसके संग डूब उतर रहा है . 
कवि मन कितनी सादगी से मन के उद्गारों को प्रकट करता है कि लगता है जैसे हम ये ही तो सोच रहे थे 

मोहब्बत की बातें होठों पर होती नहीं हैं 
आँखें खुद बताती हैं छुपाकर सोती नहीं है 

तो कहीं यादों के झुरमुट में खोजते वो क्षण हैं जो ज़ेहन  कि धरोहर बने रहते हैं ताउम्र 


बचपन के उस घरौंदे की कसम तुमको 
अब आ ही जाओ 
कच्ची इमली की कसम तुमको 
आह भी वो 
नीम पीपल बर्गाफ्द बुलाते हैं 
तन्हाई में 
हमें अक्सर वाही तो याद आते हैं 

कितनी कोमलता है भावों में तो एक कसक , एक मिठास भी तारी है जो मन को भिगोता है .

जीने को क्या चाहिए सिर्फ इक मुट्ठी आसमान और उसी की चाहत यहाँ जज़्ब है 

लोग 
कहते हैं मसीहा 
सरे जग को 
देने वाले ज्यादा नहीं पर थोडा सा ही 
 मुझको तेरा प्यार दे दे 
जी सकें जिसमें तनिक , इक 
छोटा सा संसार दे दे 

भावों की गरिमा ग़ज़ल में माध्यम से दिल तक पहुँचती है 

लगे हैं फूलों के मेले शाखों पर ऐसे 
की जैसे  परिंदा नया कोई आया है 

काग भी बोल रहा था मुंडेर पर कब से 
घर पे तुम्हारे ये मेहमान कौन आया है 


ये ही नहीं कवि मन अपनी संस्कृति को भी नहीं भूलता है बल्कि उसमे तो उसका मन और हिलोरें लेने लगता है तभी तो होली का खूबसूरत चित्रण कर पाता है 

दूर कहीं कलरव करती 
चली परिंदों की बरात 
कहीं बजी बांस में शहनाई 
और महकती बह चली 
रंगीन पुरवाई 
 कि आज होली रे ..........................


मन पखेरू से बतियाती सुनीता उस असमंजस को बयां करती है जिससे हर कोई गुजरता है और मन को बाँधने के जतन  करता है 

रे नीडक , तू चंचल क्यूं है 
कहीं तेरा छोर न पाता  है 
कभी इधर तो कभी उधर 
इक डाल  पे टिक नहीं पाता है 

रे पाखी अब मान भी जा टू 
क्यूं अपमानित हुआ जाता है
 ये सच है  कि सुबह का भूला 
लौट शाम घर आता है 
आ तनिक विश्राम भी कर ले 
ठहर क्यों नहीं पाता है 


"पंछी तुम कैसे गाते हो "कविता के माध्यम से जीवन की जिजीविषा का बहुत ही सफल वर्णन किया है साथ ही एक सीख भी मिलती है  कि जीवन जीना कैसे चाहिए .


एक तरफ " इंतज़ार" के मुहाने पर खड़ा प्रेम है तो दूसरी तरफ " प्यार का सितारा" कहीं टूट जाता है क्योंकि गागर में भी सागर समाया है 

फेंक कर पत्थर जो मर 
तड़प उठीं मौन लहरें 
डूबने से डर रहे तुम 
शांत मन की झील में 

शायद झील से भी ज्यादा गहरा है यहाँ प्रेम का अस्तित्व 


छोटी छोटी क्षणिकाएं बहुत गहरी बात कह रही हैं 

मौत ने ज़िन्दगी पर 
जब किये हस्ताक्षर 
वह था एक और ज़िन्दगी के 
जन्म लेने का पहला दिन 


तुम तनहा कहाँ हो 
लिपटी हुयी तुमसे 
मैं जो रहती हूँ सदैव 
कहती है तन्हाई मुझसे 


उसकी आँखों से हकीकत बयां होती है 
हर घडी एक नया इम्तिहान होती है 
घूरने लगती हैं दुनिया  कि नज़र उसको 
जब किसी गरीब की बेटी जवान होती है 


बहुत देर के बाद कहा 
तुमने मुझे अपना 
लेकिन अब मैं 
किसी और की हो चुकी हूँ 


अंतर्मन जब बेचैन हो उठता है , कहीं कोई ठौर न उसे दीखता है तब पुकार उठता है उस असीम को और जोड़ लेता है उसी से " दर्द का रिश्ता " क्योंकि एक वो ही तो है जहाँ जाकर दर्द भी चैन पाता है 

एक कोने में बैठा 
निर्विकार 
सौम्य 
अपलक निहारता मुझे 
और बा्ट जोहता की 
मैं 
पुकारूं तेरा नाम 


" अतीत के दंश " नाम ही काफी है सब कुछ बयां करने को जिसे कुछ यूं बयां किया है 

कभी कभी आत्मा के गर्भ में 
रहा जाते हैं कुछ अंश 
दुखदायी अतीत के 
जो उम्र के साथ साथ 
फलते फूलते 
लिपटे रहते हैं 
अमर बेल की मानिंद 


तो दूसरी तरफ भावुक मन समाज में फैले कोढ़ पर भी दृष्टिपात किये बिना नहीं रहता जिसे उन्होंने मासूमियत के माध्यम से उकेरा है 

मासूम अबोध आँखों को घेरे 
स्याह गड्ढों ने भी शायद 
वक्त से पहले ही 
समझा दिया था उसे 
 कि सबको खिलाने वाले 
उसके ये हाथ 
जरूरी नहीं कि भरपेट खि्ला पायेंगे 
उसी को 

" मलाल " शायद ज़िन्दगी की हकीकत को बयां करती रचना है जहाँ जरूरी होता है दोनों पक्षों का खुश रहना जो कभी संभव ही नहीं हो पाता और एक मलाल दोनों के दिलों को ता- ज़िन्दगी कचोटता रहता है 

तुम्हें शायद 
यकीं न हो किन्तु यही सच है 
तुम ही कहो 
क्या कभी कोई किसी को 
रखा पाया है खुश 
पूरी तरह से ?

एक बेटी के मन की पीड़ा को गहनता से महसूसता दिल उसके दर्द को कुछ इस तरह बयां करता है 

कहा था एक दिन तुमने 
पराई अमानत है 
ये बच्ची 
तभी से आज तक माँ 
मैं अपना घर ढूंढती हूँ 


" कामवाली " कविता जीवन के कटु यथार्थों को बेलिबास करती वो रचना है जो सच कहने से नहीं हिचकिचाती  कि लाइफ लाइन हैं ये कामवालियां आज लेकिन किन हालात में और कैसे काम करती हैं खुद को भुलाकर ये एक सोचने का विषय है 

घरवाली के सौन्दय का ख्याल रख तुम्हें 
बने रहना है पूर्ववत 
कामवाली तुम्हें बस काम से मतलब रखना है 
तुम्हारा पति 
तुम्हारे बच्चे 
तुम्हारा सजना संवारना 
शाम होने और दिन निकलने के 
बीच का मामला है 
तुम जानती हो 

कुंठित सोच पर तुषारापात करती है कविता .....कामवाली 

किस पर करूँ विश्वास , ख़ामोशी , श्रृंखला , एक शाम , कन्यादान , माँ आदि सभी कवितायेँ जीवन के पहलुओं से ओतप्रोत रचनायें हैं जो रोज हम सबके जीवन में घटित होती हैं मगर सब कोई उन्हें शब्दों में बांध नहीं पाता और ये तो रोजमर्रा का काम है सोच कोई भी ध्यान नहीं देता जबकि ये ही तो जीवन की हरित क्रांति का एक हिस्सा हैं जिनके बिना जीवन अधूरा दीखता है और जिन्हें यदि शब्दों की मेड लगा कर बांध दिया जाए तो एक जीवन दर्शन होता है .

 सुनीता की सभी कवितायेँ जीवन के प्रत्येक क्षण की गवाह रही हैं फिर चाहे वो " चिन्ह " हो या " डोर " या " फिर जीना चाहती थी मैं " हो . हर कविता सहजता से अपनी बात कह जाती है जहाँ पाठक को जोर नहीं लगाना पड़ता बस डूबता जाता है उन पलों में जो उसके जीवन के करीब होते हैं , जहाँ वो खुद को जैसे एक आईने के सम्मुख पाता है और अपने जीवन का दर्शन करता है . 

एक ऐसा काव्य संग्रह है " मन पखेरू उड़ चला फिर " जिसमे मन ही तो बतिया रहा है ,मन ही उड़ान भर रहा है कभी दिशा में तो कभी दिशाहीन होता मगर मन तो आखिर मन है , चंचल है , किसी जगह नीड़ कब बनाता है और उसी चंचलता ने हमें इस काव्य संग्रह के रूप में एक हम सबके जीवन का आईना दिया है जिसमे कुछ देर बैठकर हम खुद को निहार सकें , खुद से बतिया सकें और यही किसी भी लेखक के लेखन की सफलता है जहाँ पाठक खुद को उन क्षणों का हिस्सा समझे और उसमे जिए .

सुनीता को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कामना करती हूँ वो इसी तरह आगे बढती जाएँ और हम सब को अपनी प्रतिभा से रु-ब -रु कराती रहे . 


195 रूपये मूल्य वाल इस काव्य संग्रह को जो भी पाठक प्राप्त करना चाहते हैं वो हिन्दयुग्म से संपर्क कर सकते हैं 

हिन्द युग्म 
1 , जिया सराय , हौज खास 
नई दिल्ली ---110016

मोबाइल --
9873734046
9968755908

प्यारी सखी सुनीता की कल इस किताब का विमोचन कांस्टीट्यूशन क्लब में होगा और मेरी तरफ़ से उन्हें ये प्यार भरा तुच्छ तोहफ़ा मैं भेंट कर रही हूँ ह्रदय के उदगारों के रूप में जो मैने उनकी किताब पढकर महसूस किये ………उम्मीद है स्वीकार्य होगा 

शुक्रवार, 10 मई 2013

तो क्या लिख सकूंगी कभी खुद को ऐसा ख़त ...................?

कहाँ से शुरू करूँ
क्या संबोधन दूं
और क्या लिखूं
कुछ ख्याल टकरा रहे हैं
मगर आकार पाने से पहले
एक जिद कर रहे हैं
सभी ने कुछ न कुछ लिखा
अपने प्रिय को
मगर नहीं मिला कोई ऐसा
जिसने खुद को कोई ख़त लिखा हो
चलो लिखो आज तुम
अपने नाम एक ख़त
मगर ईमानदारी से
जिसमे जिक्र हो तुम्हारी
उन अधूरी हसरतों का
उन अनकही चाहतों का
उन मिटटी में दबे जज्बातों का 

जिन्हें ना कभी आकार मिला हो
उन सुबहों का जिनमे
कोई इठलाता सपना
सरगोशी  करता हो
उन रातों का जब
एक एक पहर में
न जाने कितने
इन्द्रधनुष खिल उठे हों
या किसी रात को
जब तकिये पर सिर्फ निशाँ
ही बाकी रह गए हों
और अश्क सूख गए हों
उस तन्हाई का जिसमे तुम
किसी के साथ होते हुए भी
अकेली रह गयी हों ………

या उस मुस्कुराहट का 
जब दर्द के असंख्य बिच्छू 
डंक मार रहे हों
और तुम मुस्कुरा रही हो
क्या लिख सकोगी
पूरी ईमानदारी से खुद को ख़त
जो किसी ने पढ़ा न हो
और तुम्हारी ज़िन्दगी का
सशक्त हस्ताक्षर बन गया हो 


और मैं ....................
अब सोच में हूँ
क्या लिख सकूंगी कभी खुद को ऐसा ख़त
जिसमे रूह में जज़्ब कीलें
एक - एक कर निकालनी होंगी
और आहों की पारदर्शी स्याही से
किसी अनाम पन्ने पर
वो इबारत लिखनी होगी
जिसे पढने की ज़हमत तो खुदा भी न कर सके
क्योंकि ..........जानती हूँ
ज़मींदोज़ रूहों की मजारों पर दिए नहीं जला  करते

तो क्या लिख सकूंगी कभी खुद को ऐसा ख़त ...................?