पेज

मेरी अनुमति के बिना मेरे ब्लॉग से कोई भी पोस्ट कहीं न लगाई जाये और न ही मेरे नाम और चित्र का प्रयोग किया जाये

my free copyright

MyFreeCopyright.com Registered & Protected

शुक्रवार, 10 फ़रवरी 2012

देखो आज मुझे मोहब्बत के हरकारे ने आवाज़ दी है .....



सोचती हूँ कभी कभी
तुम ..........जिसे मैंने देखा नहीं
और मैं .....जिसे तुमने भी नहीं देखा
और चाहत परवान चढ़ गयी 
एक नदी अपने ही आगोश में सिमट गयी
मैंने सिर्फ ख्यालों में ही 
मोहब्बत का नगर बसाया 
न तुम कोई साया हो
न मैं कोई रूह
शायद मेरी चाहत की
कोई अनगढ़ी तस्वीर हो

अगर कभी मैं तुम्हारे शहर आई
तुम्हारी गली से गुजरी
तुम्हारे दर पर कुछ देर रुकी
और तुमने मुझे देखकर भी 
नहीं देखा
और मैं भी तुम्हारी देहरी से
रुका हुआ पल लिए
खाली ही लौट आई
बिना जाने एक दूजे को 
तो क्या कभी जान पाएंगे हम
इस सत्य को ?
मोहब्बत के लिए जिस्मों का होना 
जरूरी तो नहीं होता ना
ये तुम भी जानते हो
और शायद मैं भी 
तभी तो देखो 
एक अनजान सफ़र पर निकल पड़ी हूँ
बिना जाने मंजिल का पता 
अच्छा बताओ .......अगर हम 
ज़िन्दगी में कभी मिले
और तुम्हें पता चला 
हरसिंगार कुछ देर ठहरा था तुम्हारी दहलीज पर
बिखेरी थी अपनी खुशबू तुम्हारी चौखट पर
क्या जी पाओगे उसके बाद ?
सोचते होंगे .........पागल है 
है ना ............
परछाइयों को शाल उढ़ा रही है 
बिन बाती के दीप जला रही है
जब हम जानते नहीं एक दूजे को
फिर कैसे ख्वाब सजा रही है
है ना ..............................
मगर मोहब्बत के चश्मों को रौशनी की जरूरत नहीं होती 
हकीकी मोहब्बत से ज्यादा पुख्ता तो अनदेखी मोहब्बत होती है 

.............अच्छा बताओ ............
कहीं मैंने तुम्हें अपना पता बता दिया
और तुमने मुझे अपना
और अचानक मैं सामने आ गयी
तब क्या करोगे?
उफ़ ...........इतनी ख़ामोशी
अरे कुछ तो बोलो ...........
जानती हूँ ........कुछ नहीं बोल पाओगे
सिर्फ और सिर्फ देखते रह जाओगे
और वक्त वहीँ थम जायेगा ............पूस की रात जैसे ..........ठिठुरता सा .......मगर ख़त्म ना होता सा ........है ना............

ये मोहब्बत भी कितनी अजीब होती है ना ..........हर सांस पर , हर कदम पर ,हर शय पर बस इबादत सी होती है ...........

देखा है कभी मोहब्बत की डाक को लौटते हुए बेसबब सा 

चलो आज तुम्हें एक बोसा दे ही दूं ......उधार समझ रख लेना 

कभी याद आये तो ..........तुम उस पर अपने अधर रख देना

मोहब्बत निहाल  हो जाएगी .........हाँ हमारी अनजानी अनदेखी मोहब्बत की बेमानी कहानी अमर हो जाएगी 

देखो आज मुझे मोहब्बत के हरकारे ने आवाज़ दी है ..........ओह सजीली सतरंगी सावनी फुहार !

बरसातें यूं भी हुआ करती हैं ............रेशमी अहसासों सी , लरजते जज्बातों सी 

और देखो ना 
कैसे गढ़ दिया मोहब्बत का मल्हारी शाहकार ............मेघों की दस्तक पर 
मानो तुमने पुकारा हो ..........आजा आजा आजा !!!!!!!!!

और मानो आह पर सिमट गयी हो हर फुहार !!!!!!!


मंगलवार, 7 फ़रवरी 2012

दो टुकड़े गुलाब दिवस पर






सुना है आज गुलाब दिवस है
क्या गुलाब दिवस होने से
सब गुलाबी हो जाता है
क्या सच मे मोहब्बत के रंग पर
फिर सुरूर चढने लगता है
किसी को गुलाब कहना बेहद आसान है
मगर गुलाब बनना बहुत मुश्किल
रात पर कांटों पर सोता है
तब सुबह जाकर खिलता है
यूँ ही नही गुलाब बना जाता
यूँ ही नही गुलाबी रंग
ज़िन्दगी मे उतरता
यूँ ही नही मोहब्बत सुर्ख होती
तपस्या करनी पडती है
कांटों के बिस्तर पर सोना पडता है
तब जाकर मोहब्बत का गुलाब खिलता है
सिर्फ़ एक दिन की हसरत , सिर्फ़ एक दिन की चाहत , सिर्फ़ एक दिन की ज़िन्दगी के लिये
कहीं देखे हैं ऐसे मोहब्बत के सुलगते गुलाब...........




देखो -  देखो 
गुलाब दिवस आया है
बस एक दिन के लिए ही
गुलाबों का मौसम आया है

सारे प्रेमियों के मन में 
गुलाबी सुरूर छाया है
आज गुलाब जरूर देंगे
मोहब्बत का इजहार हम कर देंगे
बस यही कसम खाया है
देखो - देखो गुलाब दिवस आया है

क्या हुआ जो कल 
वो भूल जाएगी
किसी और से 
वैलेन्टाइन  पर 
गुलाब पाएगी
मगर आज तो 
मैंने पहल की है
गुलाब देकर अपना
जादू चलाया है
अपनी किस्मत को 
आजमाया है
देखो- देखो गुलाब दिवस आया है


गर जादू चल गया
तो गुलाब की कली मेरी होगी
और न भी चले मगर 
आज तो वो मेरी ही होगी
बस इतनी सोच ये रखते हैं
आज एक तो कल
दूसरी बाला पकड़ते हैं
वैलेन्टाइन डे आते आते तो 
इनके सात रंग झलकते हैं
दोस्तों पर रुआब डालते हैं
अपनी अकड़ दिखाते हैं
सबकी नज़र में 
एक दिन के रोमियो बन जाते हैं 
हर नयी लड़की को 
अपनी जूलियट बताते हैं
और बेचारे गुलाब दिवस की
ऐसी तैसी बजाते हैं
मगर गुलाब दिवस की 
अहमियत न जान पाते हैं
बस भीड़ का हिस्सा बन 
गुलाबों से खिलवाड़ करते हैं 
आज की पीढ़ी के 
ये नए रंग झलकते हैं 

गुलाब का ये हाल देख
बस यही मूंह से निकलता है 
देखो - देखो 
गुलाब दिवस आया है
बस एक दिन के लिए ही
गुलाबों का मौसम आया है




सोमवार, 6 फ़रवरी 2012

हिंदी ब्लोग मे भी हैं अनमोल मोती


दोस्तों ,

लीजिये एक बार फिर हाजिर हैं आपके बहुरंगी कार्यक्रम के साथ 

..........आपके ब्लॉग की चर्चा गर्भनाल पत्रिका के संग .........

इस लिंक पर आपकी धरोहर है अगर न खुले तो नीचे लगा ही

दी है 



शब्दों को आकार देना और उन्हें एक मंच प्रदान करने में ब्लोगिंग के महत्त्व को नाकारा नहीं जा सकता . आज हिंदी ब्लोगिंग ने हर खास-ओ-आम को एक दूसरे से जोड़ दिया है और अभिव्यक्ति कि क्रांति के बीज को इस तरह रोपित किया है कि हर तरफ ब्लोग्स कि फसल लहलहा रही है और इसने आज अपनी एक ऐसी पहचान बना ली है जिसे नकारना अब किसी के लिए संभव नहीं. यदि जानना है कैसे तो देखिये यहाँ कैसे अनमोल मोती बिखरे पड़े हैं . सबसे पहले बात करते हैं ......



१)

बुलंदशहर के एक गाँव के जन्‍में ओमप्रकाश यूँ तो साहित्‍य की सभी विधाओं के महारथी हैं, पर उनकी सबसे पहचान बनी तोवह बाल साहित्‍य है।अपने ब्लॉग ‘आखरमाला’ (http://omprakashkashyap.wordpress.कॉम और ‘संधान’(http://opkaashyap.wordpress.com) पर उनके लेखन का प्रमाण मिलता है .वो सिर्फ उपदेशात्मक बाल कवितायेँ ही नहीं लिखते बल्कि विद्रूपताओं को भी शामिल करते हैं जो उनके सशक्त लेखन का प्रमाण है .आखरमाला में आलोचनात्मक लेखन और संधान में मौलिक रचनायें  हैं 




२)
http://aadhasachonline.blogspot.com/ के चिट्ठाकार महेंद्र श्रीवास्तव जी पेशे से पत्रकार हैं मगर अब एक प्रतिष्ठित टी वी चैनल से जुड़े हैं 

 मीडिया से जुडे़ होने के कारण उन्हें  सत्ता के नुमाइंदों को काफी करीब से देखने का मौका मिलता है। इस बारे में उनका कहना है  कि हमाम में सब......यानि एक से हैं। इसी सच को  शब्दों में ढालने की कोशिश करते हैं जो उनकी पोस्ट्स में परिलक्षित होता है. सच भी ऐसा जो दिल और दिमाग दोनों पर चोट करता है बेशक सच कडवा होता है जो हर किसी के हलक से नीचे नहीं उतरता मगर सच तो सच ही रहता है चाहे आधा ही क्यूँ ना कहा गया हो .


३)
"something for mind something for soul"
http://blogmridulaspoem.blogspot.com/2011/09/blog-post_30.html ब्लॉग की स्वामिनी मृदुला प्रधान जी का कहना है कि वो कुछ दिमाग के लिए तो कुछ अपनी आत्मा की  संतुष्टि के लिए लिखती हैं . जो भी आपको संतुष्ट कर सके वो ही लेखन सार्थक कहलाता है जहाँ आत्मा को सुकून मिले. अब तक मृदुला जी की  पांच किताबें छप चुकी हैं. 

मृदुला जी के लेखन की  खासियत ये है कि वो चाहे रिश्ते हों , परिवार हो या आपसी सम्बन्ध या मन की कोई दशा उसे बहुत खूबसूरती से पिरोती हैं कि पाठक भी आत्मसात कर लेता है उसे यूँ लगता है जैसे आस पास ही सब घटित हो रहा है और ऐसा लेखन ही दिलों को छूता है .उनके लेखन की एक बानगी देखिये ........

हवा का एक तेज़ झोंका/मेरी उनींदी /आँखों को खोल गया/ जब खोली मैंने,/अपने कमरे की/ कबसे बंद खिड़की......../जब खोली मैंने,/अपने कमरे की/बारिश की तेज़ फ़ुहार  /सहला  गयी  /मेरे / अंतर्मन  को/ख्यालों  के  चक्रव्यूह  में/  घिरा  मेरा मन,/अँधेरे  की हल्की सी/पदचाप  भर / सुना  ......कि/अचानक / सूरज  की तेज़ किरणें/   ठहर  गयीं,/मेरे  ऊपर/  और/धूप की  चमकती  /नर्म  गर्माहट/मैंने अपनी  मुट्ठी  में  
बांध  ली........../कि/अब ,अँधेरा /कभी   नहीं  होगा  .........  

आशा का संचार करती एक नारी के मनोभावों का प्रकृति के माध्यम से व्यक्त करना ही उनके लेखन की खूबसूरती है .



४)

विशाल चर्चित नए ब्लोगर हैं जो हिन्दी कॉपीराइटर, लेखक व कवि (व्यंग्य) तथा शायर हैं  अपने ब्लॉग विशाल चर्चितhttp://charchchit32.blogspot.com/2011/09/blog-post_30.html?showComment=1317379166369#c5352871914809153876  पर अपने भावों का सागर उंडेलते हैं तथा हर तरह के विचारों को कभी तो शायरी में तो कभी व्यंग्यात्मक लहजे में प्रस्तुत करते हैं और पाठकों का मन मोह लेते हैं .



५)
www.jindagikeerahen.blogspot.com ज़िन्दगी की राहें ब्लॉग मुकेश कुमार सिन्हा का है जो कहते हैं .......जिंदगी की राहें! कभी लगती है, बहुत लम्बी! तो कभी दिखती है बहुत छोटी!! निर्भर करता है पथिक पर, वो कैसे इसको पार करना चाहता है.........

उनकी एक और कविता क्वालिटी ऑफ़ लाइफ के कुछ अंश देखिये .......

कर रहे थे मेहनत /जी रहे थे कुछ रोटियों के साथ../जो कभी कभी होती/थी बिना सब्जी के साथ.../पर रात की नींद /होती थी गहरी/होती थी/रंग बिरंगे सपने के साथ /पर इन्ही सुनहरे सपनो ने/फिर उकसाय/मेहनत की कमाई/महीने में एक बार मिलता वेतन/नहीं दे पायेगा../ऐश से भरी जिंदगी/
कैसे पाओग/"क्वालिटी ऑफ़ लाइफ" 



ज़िन्दगी की छोटी छोटी खुशियाँ ढूंढना और उन्हें शब्दों में पिरोना तो कभी सामाजिक विद्रूपताओं से आहत हो अपने शब्दों में बांधना ही उनके सार्थक लेखन को दर्शाता है.




६)

http://shabdshikhar.blogspot.com/  शब्द शिखर पर 
आकांक्षा यादव अपने बारे में बताती हैं .........कॉलेज में प्रवक्ता के साथ-साथ साहित्य, लेखन और ब्लागिंग के क्षेत्र में भी प्रवृत्त। देश-विदेश की शताधिक प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं और वेब पत्रिकाओं व ब्लॉग पर रचनाओं का निरंतर प्रकाशन। विकीपीडिया पर भी तमाम रचनाओं के लिंक्स उपलब्ध। दर्जनाधिक प्रतिष्ठित पुस्तकों /संकलनों में रचनाएँ प्रकाशित। आकाशवाणी पोर्टब्लेयर से वार्ता, रचनाओं इत्यादि का प्रसारण। व्यक्तित्व-कृतित्व पर डा. राष्ट्रबंधु द्वारा सम्पादित ‘बाल साहित्य समीक्षा’ (कानपुर) का विशेषांक जारी। विभिन्न प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्थानों द्वारा विशिष्ट कृतित्व, रचनाधर्मिता और सतत् साहित्य सृजनशीलता हेतु दर्जनाधिक सम्मान और मानद उपाधियाँ प्राप्त। एक रचनाधर्मी के रूप में रचनाओं को जीवंतता के साथ सामाजिक संस्कार देने का प्रयास. बिना लाग-लपेट के सुलभ भाव-भंगिमा सहित जीवन के कठोर सत्य उभरें, यही मेरी लेखनी की शक्ति है.

अब इसके बाद कहने को क्या बचता है.........हर पोस्ट में कुछ ना कुछ देने का प्रयास करना और सच के रूपों से परिचित कराना  ही आकांक्षा जी लेखनी को उत्कृष्ट और सबसे विशिष्ट बनाता है .









७)

परावाणी : The Eternal पोएट्री अरविन्द पाण्डेय जी का ब्लॉग जहाँ वो अपने बारे में कहते हैं .........


मेरा प्रयास है कि हिन्दी कविता-प्रेमी उस स्वर्ण-युग की स्मृतियों से आनंदित हों जब हिदी कविता, विश्व की समस्त भाषाओं और साहित्य की गंगोत्री - संस्कृत-कविता से अनुप्राणित और अनुसिंचित होती, अपने स्वर्ण-शिखर पर विराजमान होकर रस - धारा प्रवाहित कर रही थी

अब तक साहित्यकार , साहित्य के स्वरुप की व्याख्या करते आये हैं मगर समस्या यह है कि साहित्य के वर्त्तमान स्वरुप को बदला कैसे जाय ..
हिंदी-साहित्य के छायावादी दृश्य-परिवर्तन के बाद पश्चिम के अपरिपक्व सामाजिक और साहित्यिक दर्शन का नक़ल करने वालों ने हिन्दी-साहित्य को एक निरुद्देश्य शाब्दिक धंधा बना कर रख दिया ..
अब आगे की ओर सकारात्मक-गति आवश्यक है क्योंकि कविता ही आज के युग की सर्वाधिक शक्तिमती मुक्ति-दात्री है..

उनके लेखन की बानगी उनके ही शब्दों में देखिये इस कविता में 

महारास : नौ वर्षों की आयु कृष्ण की,सजल-जलद सी काया.


मस्तक पर कुंचित अलकावलि पवन-केलि करती थी .
चारु-चन्द्र-कनकाभ-किरण चन्दन-चर्चा भरती थी.
चन्दन-चर्चित चरण ,सृष्टि को शरण-दान करता था.
करूणा-वरुणालय-नयनों से रस-निर्झर बहता था

कितनी सुन्दरता , सहजता और सरलता से प्रकृति के श्रृंगार के साथ प्रभु के हास- विलास का चित्रण किया है जो मन को मोह जाता है जहाँ ना सिर्फ शब्द सौंदर्य है बल्कि भाव प्रधानता भी दृष्टिगोचर होती है जो दर्शाती है कि अरविन्द जी की कथनी और करनी एक जैसी है जैसा वो चाहते हैं वैसा ही लिख रहे हैं और हिंदी और संस्कृत को एक नयी दिशा देने में प्रयासरत हैं .




८)
feminist poems http://feministpoems.blogspot.com/ आराधना चतुर्वेदी जी का ब्लॉग एक औरत के दिल से निकले कुछ शब्द  जब दिल से निकल पाठक के अंतस को छूते हैं तो  मन के कोने कोने को भिगो देते हैं.
उनके मन के भाव  जिस तरह कविता में उतरते हैं वो काबिल -ए- तारीफ है जिसकी एक बानगी उनकी कविता दोस्त में कुछ इस तरह  परिलक्षित होती है .........


मैं खुद को आज़ाद तब समझूँगी/जब सबके सामने यूँ ही/लगा सकूँगी तुम्हें गले से/इस बात से बेपरवाह कि तुम एक लड़के हो,/फ़िक्र नहीं होगी/कि क्या कहेगी दुनिया?/या कि बिगड़ जायेगी मेरी 'भली लड़की' की छवि,/चूम सकूँगी तुम्हारा माथा/या कि होंठ/बिना इस बात से डरे/कि जोड़ दिया जाएगा तुम्हारा नाम मेरे नाम के साथ/और उन्हें लेते समय/लोगों के चेहरों पर तैर उठेगी कुटिल मुस्कान/वादा करो मेरे दोस्त!/
साथ दोगे मेरा,/भले ही ऐसा समय आते-आते/हम बूढ़े हो जाएँ,/या खत्म हो जाएँ कुछ उम्मीदें लिए/उस दुनिया में/जहाँ रिवाज़ है चीज़ों को साँचों में ढाल देने का,/दोस्ती और प्यार को/परिभाषाओं से आज़ादी मिले.


एक सामाजिक चेतना को जागृत करती उनकी सोच कुछ पल रुक कर सोचने को विवश करती है कि  कब हम अपनी रूढ़िवादी सोच से बाहर आकर स्वीकार कर पायेंगे बदलाव को और रिश्तों को उनकी सच्चाई के साथ सहजता से स्वीकार कर पाएंगे.




९)
कडुवा सच  http://kaduvasach.blogspot.com/2011/10/blog-post_9682.html?utm_source=feedburner&utm_medium=feed&utm_campaign=Feed%3A+blogspot%2FlKxo+%28%E0%A4%95%E0%A4%A1%E0%A5%81%E0%A4%B5%E0%A4%BE+%E0%A4%B8%E0%A4%9A%२९ श्याम कोरी उदय जी का ब्लॉग यथा नाम तथा गुण को चरितार्थ करता है. हर सच को इस तरह से कह जाते हैं की कडवा होते हुए भी स्वीकारा जाता है . इसका उदाहरण उनकी कविता मूकबधिर में देखा जा सकता है कितनी स्पष्टता और सपाट लहजे में सच को कहते हैं ....

मूकबधिर ...

तुम/कल भी मूकबधिर थे/आज भी हो/और कल भी रहोगे !/कल की तरह ही -/कल भी/मैं तुम्हें खरीद लूंगा/धन से -/या किसी हथकंडे से !/और मैं/फिर से जीत जाऊंगा/चुनाव/राजनीति/सत्ता, और लोकतंत्र !!


सत्य आसानी से ना स्वीकार्य होता है और ना ही कोई सुनना पसंद करता है पर ये कर्मरथी अपने कार्य में लगा है पूरी निष्ठा और समर्पण से .......कभी तो कोई जगेगा ही , कभी तो सत्य को उसकी पहचान मिलेगी.



तो दोस्तों फरवरी का सफ़र यहीं तक .......अगले महीने फिर मिलेंगे नए रंगों के साथ 


लफ़्ज़ों को ओढना और बिछाना ही मोहब्बत नहीं होती..........


अपने गलत को भी तुमने
सदा सही माना
मेरी सच्चाई को भी तुमने
सदा ही नकारा
तुम तो अपनी कहकर
सदा पलट जाते हो
कभी मुड कर ना 
हकीकत जान पाते हो 
और अपने किये को 
अपना प्यार बताते हो
मगर मेरे किये पर
सदा तोहमत लगाते हो
प्यार का अच्छा हश्र किया है
और इसे तुमने प्यार नाम दिया है
आह ! कितना आसान है ना
इलज़ाम लगाना
कितना आसान है ना 
मोहब्बत के पर कुचलना
मोहब्बत करने वाले तो
मोहब्बत का दिया 
विष भी अमृत समझ पीते हैं
मोहब्बत में ना शिकवे होते हैं
सिर्फ प्यारे की चाह में ही 
अपनी चाह होती है 
और मैंने तो ऐसी ही मोहब्बत की है 
मगर तुम ये नहीं समझोगे
तुम्हारे लिए मोहब्बत
चंद अल्फाजों के सिवा कुछ नहीं
तुम्हारे लिए मोहब्बत
सिर्फ तुम्हारी चाहतों के सिवा कुछ नहीं
तुम्हारे लिए मोहब्बत
सिर्फ एक लफ्ज़ के सिवा कुछ नहीं
मोहब्बत कहना और मोहब्बत करने में फर्क होता है
शायद ये तुम कभी नहीं समझोगे
मोहब्बत तो वो जलती चिता है जानां
जिसे पार करने के लिए 
मोम के घोड़े पर सवार होना पड़ता है
और तलवार की धार पर चलते
उस पार उतरना होता है
वो भी मोम के बिना पिघले
क्या की है तुमने ऐसी मोहब्बत ?
लफ़्ज़ों को ओढना और बिछाना ही मोहब्बत नहीं होती.............

गुरुवार, 2 फ़रवरी 2012

हाँ ....बुरी औरत हूँ मैं

हाँ ....बुरी औरत हूँ मैं
मानती हूँ......
क्यूँकि जान गयी हूँ
अपनी तरह
अपनी शर्तों पर जीना

नहीं करती अब तुम्हारी बेगारी
दे देती हूँ तुम्हारी हर गलत बात का जवाब
नहीं मानती आँख मूँद कर तुम्हारी हर बात
सिर्फ तुम्हारे लिए ही जीना 
बदल लिया है अब इस वाक्य को खुद से

अब अपनी इच्छाओं का दमन नहीं करती
प्रत्युत्तर देती हूँ
समाज के अवांछित भय से नहीं डरती हूँ
तुम्हारी सदियों से बनाई परिपाटियों को तोडती हूँ
तुमसे भी वो ही उम्मीद करती हूँ 
उतना ही समर्पण, त्याग , मोहब्बत चाहती हूँ
जितना मैं शिद्दत से करती हूँ
तो आज मैं तुम्हें बुरी लगती हूँ
आखिर कैसे जमींदोज़ आत्माएं कब्र से बाहर आ गयीं 
अगर सत्य कहना बुरा है
अगर खुद को पहचानना बुरा है
अगर हर नाजायज को ठुकराना बुरा है
तो हाँ ..........मैं बुरी औरत हूँ 

रविवार, 29 जनवरी 2012

परिपाटियों को बदलने के लिए छलनी का होना भी जरूरी होता है ना ............


आखिर कब तक सब पर दोषारोपण करूँ
तालाब की हर मछली तो ख़राब नहीं ना
फिर भी हर पल हर जगह 
जब भी मौका मिला
मैंने तुम्हारी पूरी जाति को 
कटघरे में खड़ा किया
जबकि जानती हूँ और मानती भी हूँ
पाँचों उँगलियाँ एक सी नहीं होतीं
मगर शायद बचपन से 
यही मेरे संस्कारों में रोपा गया
एक डर के साथ 
मेरे आत्मविश्वास को छला गया
मुझे निरीह प्राणी समझा गया
और मुझे अपने अस्तित्व की पहचान से
वंचित रखा गया
ये पीढ़ी दर पीढ़ी रोपित 
एक छलावा ही शायद 
हमेशा तुम्हारी पूरी जाति से 
नफरत करता रहा
हर तरफ सिर्फ और सिर्फ
अंधियारों में फैले स्याह साए ही 
मेरे डर को पुख्ता करते रहे
जबकि ऐसा हर जगह तो नहीं था ना
नहीं तो शायद ये संसार 
ढोर डंगर से ज्यादा कुछ ना होता
पशुओं सा जीवन जी रहे होते सभी
जिसमे कोई रिश्ता नहीं होता
कोई मर्यादा नहीं होती
मगर ऐसा भी तो नहीं है ना
आज अवलोकन करने बैठी 
तो लगा ये भी तो एक अन्याय ही है ना
क्योंकि जिसे हम हमेशा नकारते आये
जिसको हिकारत से देखते रहे
उसने ही तो पहल की ना हमारे उत्थान की
वो ही लड़ा सारे जहान से हमारे लिए
माना गिने चुने वजूदों ने ही 
धरा का दामन अपवित्र किया 
मगर उससे लड़ने का हमने भी तो 
ना दुस्साहस किया
बल्कि उसके कृत्य से डर
अपने को अपनी शिराओं में 
और समेट लिया
और शायद इसी संकुचन ने
हमें परावलम्बी बनाया 
फिर उस दोज़ख से भी तो 
तुम्ही ने बाहर निकालने की कवायद की
मेरे हौसलों को परवाज़ दी
एक नया आसमान दिखाया उड़ने के लिए
फिर कैसे सिर्फ तुम्हें ही 
दोषी मान सजा दूं
कुछ वीभत्स मानसिकता वाले वजूदों के लिए
संपूर्ण जाति तो दोषी नहीं हो सकती ना
फिर कैसे हर कुकृत्य के लिए 
सिर्फ तुम पर ही दोषारोपण करूँ ........ओ पुरुष !
कंकड़ पत्थरों को अलग करने के लिए
परिपाटियों को बदलने के लिए छलनी का होना भी जरूरी होता है ना ............

बुधवार, 25 जनवरी 2012

अनायास ही उमड़ आतीं हैं क्यूँ - कुछ स्मृतियाँ



दोस्तों 



कल प्रतुल मिश्र जी ने दो पंक्ति दीं और उस पर कुछ लिखने को 


कहा तो उस वक्त जो भाव उमडे आपके समक्ष रख रही हूँ 




ये थे उनके शब्द : 




"Pratul Misra Vandana Gupta ji ...............अनायास ही उमड़ 


आतीं हैं क्यूँ - कुछ स्मृतियाँ..

इस पर आपकी अभिव्यक्तियाँ का हम इन्तजार करेंगे यदि संभव हो सके



 तो....................."


और ये रहे मेरे भाव :…………







अनायास ही उमड़ 


आतीं हैं क्यूँ - कुछ स्मृतियाँ

बिना कारण तो 

कुछ नहीं होता

जरूर किसी ने दखल दिया होगा

तभी स्मृति की लौ जगमगाई होगी

वरना राखों के ढेर में सीप नहीं पला करते



अनायास ही उमड़ 

आती हैं क्यूँ -कुछ स्मृतियाँ

शायद आहटों ने दस्तक दी होगी

या सन्नाटा खुद से घबरा गया होगा

वरना बिखरे अस्तित्व यूँ ही नहीं जुदा करते




अनायास ही  उमड़

आती हैं क्यूँ -कुछ स्मृतियाँ 

ओह! शायद उसी युग की 

कोई भूली बिसरी याद बाकी है

जिसमे तुमने वादा लिया था 

इंतज़ार की चौखट पर खड़े- खड़े 

और आज वादा पूरा करने का 

मुझे मुझसे चुराने का 

सिर्फ तुम्हारी हो जाने का 

वक्त आ गया है ........है ना 

मुसाफिर ! जो वक्त चला जाता है

वो कब लौट कर आया है

कल का सच तुम थे

आज का सच मैं हूँ

हाँ .........मैं किसी की विवाहिता 

बताओ कैसे तुम्हारे इंतज़ार पर

पूर्णता की मोहर लगा दूं 

स्मृतियों पर मैंने ताले लगाये थे

लगता है जमींदोज़ करनी होंगी 

स्वप्न और हकीकत में बस 

यही फर्क होता है 

कल आज नहीं हो सकता

और आज कल नहीं बन सकता

ये अब तुम्हें भी समझना होगा

और यूँ  मेरी स्मृतियों में आकर ना दस्तक  देना होगा 



ज़िन्दगी ना भूतकाल में होती है ना भविष्य में

वर्तमान में जीना अब तुम्हें  भी सीख लेना चाहिए 


एक इम्तिहान ये भी देकर देख लेना .........मुसाफिर !