पेज

मेरी अनुमति के बिना मेरे ब्लॉग से कोई भी पोस्ट कहीं न लगाई जाये और न ही मेरे नाम और चित्र का प्रयोग किया जाये

my free copyright

MyFreeCopyright.com Registered & Protected

बुधवार, 28 नवंबर 2012

लेखन के संक्रमण काल में

लेखन के संक्रमण काल में
मैं और मेरा लेखन
क्या चिरस्थायी रह पायेगा
क्या अपना वजूद बचा पायेगा
क्या एक इतिहास रच पायेगा
प्रश्नों के अथाह सागर में
डूबता उतराता
कभी भंवर में
तो कभी किनारे पर
कभी लक्ष्यहीन तो
कभी मंज़िल की तरफ़
आगे बढता हिचकोले खाता
एक अजब
कशमकश की उथल पुथल में फ़ंसे
मुसाफ़िर सा
आकाश की ओर निहारता है
तो कभी अथाह जलराशि में
अपने निशाँ ढूँढता है
जबकि मुकाम की सरहद पर
खुद से ही जंग जारी है
नहीं ………ये तो नहीं है वो देश
नहीं ………ये तो नहीं है वो दरवेश
जहाँ सज़दा करने को सिर झुकाया था
और फिर आगे बढने लगती है नौका
ना जाने कहाँ है सीमा
कौन सी है मंज़िल
अवरोधों के बीच डगमगाती
कश्ती जूझती है
अपनी बनायी हर लक्ष्मणरेखा से
पार करते करते
खुद से लडते लडते
फिर भी नही पाती कोई आधार
सोच के किनारे पर खडी
देखती है
सागर में मछलियों की बाढ को
और सोचती है
क्या लेखन के संक्रमण काल से
खुद को बचाकर
रच पायेगी एक इतिहास
जिसके झरोखों पर कोई पर्दा नहीं होगा
कोई बदसलूकी का धब्बा नहीं होगा
जहाँ ना कोई रहीम ना कोई खुदा होगा
बस होगा तो सिर्फ़ और सिर्फ़
ऐतिहासिक दस्तावेज़ अपनी मौजूदगी का
मगर ………क्या ये संभव होगा?
संक्रमण काल में फ़ैलती संक्रामकता से खुद को बचाकर रखना
भविष्य अनिश्चित है
और आशा की सूंई पर
चाहतों की कसीदाकारी पूरी ही हो ………जरूरी तो नहीं
यूँ भी भरी सर्दी में
अलाव कितने जला लो
अन्दर की आग का होना जरूरी है ………शीत के प्रकोप से बचने के लिये
तो क्या …………यही है प्रासंगिकता
भीतरी और बाहरी खोल पर फ़ैली संक्रामकता की ??????

सोमवार, 26 नवंबर 2012

"कुछ" बचा लो ………

यूँ  तो सब मिट चुका है
हर पन्ने से
स्याही से लिखे हर्फ़ों को
कब तक सहेजे कोई
एक बूँद और सब स्वाहा
मगर जानते हो
उस बूँद में लिखे हर्फ़ों को
पढने की कूवत सबमे नही होती
सुना है …………
तुमने सीखा है
अदृश्य तरंगों को पढना
फिर बूँद में छिपी लिखावट
का अपना कायदा होता है
क्या पढा है कभी उस कायदे को
किया है रियाज़ कभी तुमने
रात के अंधेरों में
तन्हाई के आलम में
सर्द हवा के झोंकों मे सिहरते हुये
या अलाव में जलते हुये
गर किया हो तो करना कोशिश पढने की
शायद तब बाँच सको
अलिखित खत की अबूझ भाषा को
और
"कुछ" बचा लो ………उम्र के दरकने से पहले



बुधवार, 21 नवंबर 2012

कसाब को अचानक फ़ांसी दे दी गयी ………आखिर क्यों?

कसाब को अचानक फ़ांसी दे दी गयी ………आखिर क्यों?
अफ़ज़ल गुरु …………2014 तक

सब राजनीति है ……सरकार जानती है चारों तरफ़ से वो घिरी हुयी है भ्रष्टाचार , मंहगाई आदि के मामलों में और बचने का कोई उपाय दिख नहीं रहा था और इधर गुजरात , हिमाचल आदि के चुनाव सिर पर हैं तो आखिरी हथियार के तौर पर कसाब भुनाया गया …………मुख्य कारण तो फ़िलहाल आनन फ़ानन मे यही दिखता है वरना जिसे जँवाई बनाकर इतने दिनों से संभाल कर रखा था, अरबों रुपया जिसकी सुरक्षा पर खर्च किया गया था उसे ऐसे कैसे जाने देते ………बस हलाल करने के मौके का ही तो इंतज़ार था।


आखिर ओबामा के पदचिन्हों  पर चलकर कुछ तो सीखा ……अचानक इसलिये घटित हुआ क्योंकि समय कम था और काम बडा ………जैसे ओबामा ने किया वैसा ही अब ये सरकार कर रही है गुपचुप तरीके से देश के दुश्मन का खात्मा करो और जनता का रुख अपनी तरफ़ मोड लो फिर चाहे पाँच साल तक जनता का दोहन करो । अब ये जनता पर है कि वो अपनी कुम्भकर्णी नींद से जागती है या नहीं और सरकार की कारगुजारियों को समझती है या नहीं ।


दूसरी बारी अफ़ज़ल गुरु की ……बस इंतज़ार करिये 2014 का ………कारण सिर्फ़ एक होगा………सत्ता पर काबिज़ रहना ……येन केन प्रकारेण ………

गुरुवार, 15 नवंबर 2012

भावों का रेला

 1)

शब्दों की बयार पर दौडी चली आती थी 
घन घन मेघ सी छा जाती थी 
ये सोच पर कैसा पडा पाला है 
उमंगो पर भी लगा भावों का ताला है 
वक्त की जो ना बन पायी थाती है 
ये कैसी ज़िन्दगी की परिपाटी है 
चिकनी सपाट सडकों पर भी 
ज़िन्दगी क्यों उलझ उलझ जाती है

यूँ ही नही हर मोड पर अंधी ,खामोश और गहरी खाई है



2)
शब्दों की बारात कहाँ से लाऊँ 
वो सुनहरा साथ कहाँ से लाऊँ 
जो उमड पडता था भीतर से 
वो जज़्बात कहाँ से लाऊँ 

शायद तभी उजडे दयारों मे महफ़िलें नही जमा करतीं………
 

3)

मै इक पहर सी गुजर जाती 
जो तेरी चाहत मे बंध जाती
यूँ तो मोहब्बत का कोई पहर नही होता 
फिर भी हर पहर के लम्हों मे याद बन सिमट जाती


भूले से भी ना छूना उन तहरीरों को 
जिन पर अक्स चस्पाँ होते हैं
बेशक नज़र नही आते मगर
हर हर्फ़ मे आईने गुमाँ होते हैं


4)

कभी कभी खामोशियाँ भी दस्तक नही देतीं 
लम्हों की इससे बडी सज़ा क्या होगी


5)
काश! ज़िन्दगी जवाब दे पाती 
जीने का कोई तरीका बतला पाती 
शायद उसकी भी कोई हसरत निकल आती 

बेजुबान ज़िन्दगी का खामोश सच्……है ना



6)

प्रीत जब कस्तूरी हुई मेरी 
दीवानगी की ना कोई हद रही 
सांवरिया……
अब बिगडी बनाओ या संवारो तुम्हारी मर्ज़ी 
मैने तो जीवन नौका तेरे हवाले कर दी


7)

भावशून्यता शब्दहीनता इकट्ठे हो जायें 
वो पल कहो फिर कैसे कट पायें..........

जैसे रसहीन गंधहीन रंगहीन गुलाब कोई अपने वजूद पर हँस रहा हो……
 

8)

दिल की कडियों के बीच खालीपन यूँ ही नही पसरा होगा 
कोई लम्हा जरूर सुलगती हवा- सा बीच से गुजरा होगा


9)
दर्द यूँ ही नही उतरता लफ़्ज़ों मे
दर्द भी कसक जाता है तब शब्द बन कर ढलता है 
मगर दर्द कभी भी ना पूरा बयान होता है 
इक अधूरा अबूझा आख्यान होता है

10)

दिल की तपिश पर इक अंगार रख चला गया कोई
ये उजडे दयार मे फिर सुलगती चिता छोड गया कोई
अब और क्या बचा जुनून मरने का ओ मेरे मौला
मेरी कब्र पर मुझसे ही गुलाब चढवा गया कोई


11)

फिर कोई नाखुदा मुझे खुदा से मिला दे
रात और दिन का हर फ़र्क मिटा दे
सिलवटों की सिहरनों से आज़ाद करा दे
ओ मौला मेरे, जिस्म को जाँ से मिला दे



12)

कोई एक आह होती तो
सिसकती भी .......निकलती भी
यहाँ तो आहों का बाज़ार लगा है
किस किस का हिसाब रखे कोई
सुकून मिलता है साए में इनके ही
अब किसी ख़ुशी की कोई चाह नहीं
दर्द का कोई नक्शा नहीं होता ना
शायद इसीलिए बिन नक़्शे वाली
दर्द की इबारतों पर मकान नहीं बनते ......



13)
अफ़साने अफ़साने रहे
जिसमे ना "मै" "तुम" रहे

आक के पत्तों का अर्क भी कभी पिया जाता है





रविवार, 11 नवंबर 2012

क्या है दिवाली का औचित्य?


सृजक पत्रिका के प्रथम संस्करण में प्रकाशित मेरा ये आलेख


यूँ   तो हर साल हम दिवाली  का त्यौहार बड़ी धूमधाम से मनाते हैं और खुश होते हैं जैसे कितना बड़ा किला फतह कर लिया हो . जैसे सच में हमने रावण  का अंत कर दिया हो , जैसे सच में अँधेरे पर रौशनी की जीत हो गयी हो मगर क्या सच में ऐसा होता है ? क्या हम इस सच से अन्जान  हैं कि  आज भी अँधेरे का साम्राज्य चहूँ ओर  छाया हुआ है , आज भी रावण का राज्य उसी तरह विस्तार पा  रहा है जैसे तब था , आज भी सीता का हरण हो रहा है , आज भी  ईमानदार  और सत्यवादी का ही शोषण हो  रहा है , वो आज भी सत्य की कसौटी पर खरा उतने की कोशिश में बार बार मूंह की खा रहा है सिर्फ इसी कारण  कि  हम में ही कहीं न कहीं वो रावण  छुपा है जो आज भी राम की विश्वास रुपी सीता का हरण कर रहा है तभी तो ये देश , ये समाज कैसे गर्त में जा रहा है जिससे लगता है रावन राज्य  का कभी अंत हुआ ही नहीं .

सिर्फ फूलझड़ियाँ जला लेना , पटाखे चला लेना , दिए जला लेना ,घर आँगन बुहार लेना और पकवान बना लेना ही दिवाली मनाना  नहीं होता .अपने घर की सुख शांति के लिए लक्ष्मी गणेश की पूजा कर लेना , उनसे वैभव रिद्दी सिद्धि मांग लेना ही दिवाली मनाना नहीं होता .

सदियों से हम दिवाली को प्रतीक  के रूप में मनाते  आये मगर कभी  उसके महत्त्व को अपने जीवन में उतरना नहीं चाहा , कभी उसका महत्त्व समझना नहीं चाहा  तभी हमारा ये हाल है . चारों तरफ सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार, घोटालों, बेईमानी ,हिंसा , यौन उत्पीडन , बलात्कार आदि का ही बोलबाला है और हम मूकदर्शक बने खड़े हैं ये सोच ऐसा हमारे साथ तो नहीं हुआ इसलिए हम क्यों आगे बढें , क्यों दूसरे  के फटे में टाँग  अडायें , अरे भाई हमें तो अपनी गृहस्थी संभालनी है और हम मूँह  फेर लेते हैं ऐसी विभीषिकाओं से जो एक दिन हमें अपने चंगुल में लपेट लेती हैं और उसके बाद कोई रास्ता खुला नहीं दिखता  तो हम बिलबिलाते हैं , कसमसाते हैं मगर तब भी ये नहीं समझ पाते हैं कि  हमने ही तो ये फसल बोई थी तो आज  काटनी  भी पड़ेगी . जबकि हम सभी जानते हैं कि  राम ने कभी असत्य , हिंसा , , झूठ कपट का रास्ता नहीं अपनाया उन्होंने हमेशा मर्यादित जीवन जिया मगर हम सिर्फ उनके जीवन को एक खेल तमाशा बनाकर मनोरंजन करते हैं , 10 दिन रामलीला की छुट्टियां मनाते हैं और फिर अपने काम पर लग जाते हैं मगर उनके जीवन के एक भी आदर्श को जीवन में नहीं उतारते तो भला ऐसे दिवाली का त्यौहार मनाने का क्या औचित्य ?

क्या हम खुद को धोखा नहीं दे रहे ? क्या हम अपनी आगे आने वाली पीढ़ी को आँख मूंदने वाले संस्कार नहीं दे रहे? और हमारे  ऐसे कृत्यों से किसका भला होगा ? क्या देश का, क्या समाज का , क्या हमारे बच्चों का ? ये ऐसे प्रश्न हैं जिनका उत्तर समय रहते नहीं खोजा गया तो आने वाली पीढियां गूंगी , बहरी और अंधी  होंगी और उसके जिम्मेदार हम होंगे जो उनमे संस्कारों और मर्यादाओं के बीज न रोप सके और हमारे इस देश का नाम जो आज भी गौरव की बात है , सम्मान से लिया जाता है उसमे हमारी नपुंसकता का एक काला  अध्याय और जुड़ जायेगा जिसे किसी भी स्याही से न मिटाया जा सकेगा इसलिए जरूरी है वो वक्त आने से पहले हम चेत जायें और दिवाली के महत्त्व को समझें और समझायें और उसे जीवन में उतारें न केवल अपने बल्कि हर इंसान के दिल में एक दिवाली का दीया जलायें  तभी उसके  प्रकाश से हम , हमारा समाज और हमारा देश आलोकित होंगे  और यही तो दिवाली मनाने का  वास्तविक सन्देश है ..........हर घर आँगन आलोकित हो सत्य, अहिंसा,  ईमानदारी  और सदाचार के आलोक से .

बुधवार, 7 नवंबर 2012

क्रांति के बीज यूँ ही नहीं पोषित होते हैं

जिसने भी लीक से हटकर लिखा

परम्पराओं मान्यताओं को तोडा

पहले तो उसका दोहन ही हुआ

हर पग पर वो तिरस्कृत ही हुआ

उसके दृष्टिकोण को ना कभी समझा गया

नहीं जानना चाहा क्यूँ वो ऐसा करता है

क्यूँ नहीं मानता वो किसी अनदेखे वजूद को

क्यूँ करता है वो विद्रोह

परम्पराओं का

धार्मिक ग्रंथों का

या सामाजिक मान्यताओं का

कौन सा कीड़ा कुलबुला रहा है

उसके ज़ेहन में

किस बिच्छू के दंश से

वो पीड़ित है

कौन सी सामाजिक कुरीति

से वो त्रस्त है

किस आडम्बर ने उसका

व्यक्तित्व बदला

किस ढोंग ने उसे

प्रतिकार को विवश किया

यूँ ही कोई नहीं उठाता

तलवार हाथ में

यूँ नहीं करता कोई वार

किसी पर

यूँ ही नहीं चलती कलम

किसी के विरोध में

यूँ ही प्रतिशोध नहीं

सुलगता किसी भी ह्रदय में

ये समाज  में

रीतियों के नाम पर

होते ढकोसलों ने ही

उसे बनाया विद्रोही

आखिर कब तक

मूक दर्शक बन

भावनाओं का बलात्कार होने दे

आखिर कब तक नहीं वो

खोखली वर्जनाओं को तोड़े

जिसे देखा नहीं

जिसे जाना नहीं

कैसे उसके अस्तित्व को स्वीकारे

और यदि स्वीकार भी ले

तो क्या जरूरी है जैसा कहा गया है

वैसा मान भी ले

उसे अपने विवेक की तराजू पर ना तोले

कैसे रूढ़िवादी कुरीतियों के नाम पर

समाज को , उसके अंगों को

होम होने दे

किसी को तो जागना होगा

किसी को तो विष पीना होगा

यूँ ही कोई शंकर नहीं बनता

किसी को तो कलम उठानी होगी

फिर चाहे वार तलवार से भी गहरा क्यूँ ना हो

समय की मांग बनना होगा

हर वर्जना को बदलना होगा

आज के परिवेश को समझना होगा

चाहे इसके लिए उसे

खुद को ही क्यूँ ना भस्मीभूत करना पड़े

क्यूँ ना विद्रोह की आग लगानी पड़े

क्यूँ ना एक बीज बोना पड़े

जन चेतना , जन जाग्रति का

ताकि आने वाली पीढियां ना

रूढ़ियों का शिकार बने

बेशक आज उसके शब्दों को

कोई ना समझे

बेशक आज ना उसे कोई

मान मिले

क्यूँकि जानता है वो

जाने के बाद ही दुनिया याद करती है

और उसके लिखे के

अपने अपने अर्थ गढ़ती है

नयी नयी समीक्षाएं होती हैं

नए दृष्टिकोण उभरते हैं

क्रांति के बीज यूँ ही नहीं पोषित होते हैं

मिटकर ही इतिहास बना करते हैं

सोमवार, 5 नवंबर 2012

क्षणिका………एक दृष्टिकोण



क्षण क्षण भावों का रेला
कैसे रूप बदलता है
तभी तो प्रतिपल
क्षणिका का ढांचा बनता है

क्षणिक अभिव्यक्ति
क्षणिक आवेग
क्षणिक संवेग
क्षणिक है जीवन की प्रतिछाया
तभी तो क्षणिका के क्षण क्षण मे
जीवन का हर रंग समाया




क्षण क्षण मे क्षण घट रहा
नया रूप ले रहा
वंचित भावों का उदगम स्थल
त्वरित विचारों का जाल
क्षणिका का रूप बन रहा


दोस्तों ,


क्षणों का हमारे जीवन मे कितना महत्त्व है ये उस वक्त पता लगा जब सरस्वती सुमन पत्रिका का त्रैमासिक क्षणिका विशेषांक (अक्टूबर - दिसम्बर 2012)  मिला तो ख़ुशी का पारावार न रहा . इतनी बड़ी पत्रिका में एक नाम हमारा भी जुड़ गया . ह्रदय से आभारी हूँ हरकीरत हीर जी की और जीतेन्द्र जौहर जी की जो उन्होंने हमें इस लायक समझा और इतने वरिष्ठ कवियो और  रचनाकारों के बीच एक स्थान हमें भी दिया .

क्षणिका विशेषांक पढना अपने आप में एक सुखद अनुभूति है . सबसे जरूरी होता है उस विशेषांक का महत्त्व दर्शाना और उसकी विशेषता बताना , उसकी बारीकियों पर रौशनी डालना और ये काम आदरणीय जीतेन्द्र जौहर जी ने बखूबी किया है .पहले तो सबकी क्षणिकाएं आमंत्रित करना उसके बाद 179 रचनाकारों को छांटकर उन की क्षणिकाओं को स्थान देना कोई आसान कार्य नहीं था जिसे हरकीरत जी ने बखूबी निभाया . तक़रीबन एक साल से वो इसके संपादन में जुडी थीं ....नमन है उनकी उर्जा और कटिबद्धता को .

सरस्वती सुमन का क्षणिका विशेषांक यूं लगता है जैसे किसी माली ने  उपवन के एक- एक फूल पर अपना प्यार लुटाया हो . कुछ भी व्यर्थ या अनपेक्षित नहीं ........सब क्रमवार . संयोजित और संतुलित ढंग से सहेजना ही कुशल संपादन का प्रतीक है . शुभदा पाण्डेय जी द्वारा " क्षणिका क्या है " की व्याख्या करना क्षणिका के महत्त्व को द्विगुणित करता है . क्षणिका के शिल्प और संवेदना पर प्रोफेसर सुन्दर लाल कथूरिया जी का आलेख क्षणिका के प्रति गंभीरता का दर्शन कराता है तो दूसरी तरफ डॉक्टर उमेश महादोषी ने क्षणिका के सामर्थ्य पर एक बेहद सारगर्भित आलेख प्रस्तुत किया है जो क्षणिका की बारीकियों के साथ कैसे क्षणिकाएं लिखी जाएँ उस पर रौशनी डालता है और कम से कम नवोदितों को एक बार इस विशेषांक को जरूर पढना चाहिए क्योंकि ये विशेषांक अपने आप में क्षणिकाओं का एक महासागर है जिसमे वो सब कुछ है जो किसी को भी लिखने से पहले पढना जरूरी है . बलराम अग्रवाल जी द्वारा क्षणिका के रचना विधान को समझाया गया है कि  काव्य से क्षणिका किस तरह भिन्न है और उसे कैसे प्रयोग करना चाहिए , कैसे लिखना चाहिए हर विधा को बेहद सरलता और सूक्ष्मता  से समझाया गया है .

पूरा विशेषांक एक उम्दा , बेजोड़ , पठनीय और संग्रहनीय संस्करण है और यदि ये संस्करण किसी के पास नहीं है तो वो एक अनमोल धरोहर से वंचित है . सब रचनाकारों के विषय में कहना तो कठिन है क्योंकि सभी बेजोड़ हैं . हर क्षणिका अपने में एक कहानी समेटे हुए हैं . सोच के दायरे को विस्तार देती अपने होने का अहसास कराती है जो किसी भी पत्रिका का अहम् अंग होता है . क्षणिका विशेषांक निकलना अपने आप में पहला और अनूठा प्रयास है जो पूरी तरह सफल है जिसकी सफलता में सभी संयोजकों और संपादकों की निष्ठा और लगन का हाथ है जिसके लिए सभी रचनाकार कृतज्ञ हैं।

अंत में आनंद सिंह सुमन जी का हार्दिक आभार जो अपनी पत्नी की याद में ये पत्रिका निकालते हैं अगर कोई संपर्क करना चाहे तो इस मेल या पते पर कर सकता है

सारस्वतम
1---छिब्बर मार्ग (आर्यनगर) देहरादून --- 248001

mail id ...... saraswatisuman@rediffmail.com

शुक्रवार, 2 नवंबर 2012

एक चुटकी सिंदूर की कीमत……………



एक चुटकी सिंदूर की कीमत……………करवाचौथ का व्रत
कुछ ज्यादा तो नहीं
जो पतिदेव ने दोहराया
सुन पत्नी रानी ने फ़रमाया
प्यारे पिया
मुझे एक डायमंड नेकलैस
हाथों में सोने की चूडियाँ
एक डिज़ाइनर साडी
किसी फ़ाइव स्टार मे भोजन
करवा देना
कौन सा कुछ अपने लिये करती हूँ
तुम्हारी लंबी उम्र की कामना करती हूँ
तुम्हारे लिये ही तो व्रत रखती हूँ
अब इतना सब करने पर
ये सब पाना  तो
एक सुहागिन का
अधिकार बनता है
इसमें कौन सा तुम्हारा
बजट बिगडता है
तुम ही तो फ़लोगे फ़ूलोगे
खुशियों के फ़ूल चुनोगे
लंबा जीवन जीयोगे
और मुझे दुआयें दोगे

सुनो पतिदेव
मौके का फ़ायदा उठाओ
ऐसा पैकेज़ ना रोज-रो्ज मिलता है
गर इतना कर सको तो बता देना
फिर चाहे रोज़ ऐसे व्रत रखवा लेना

जो पति ने सुना
पसीने से लथपथ हो
धडाम से बिस्तर से गिरा
बुरे स्वप्न की नींद से जगा
और असलियत का जायज़ा लिया
गर सच मे ऐसा होने लगे तो???
प्रश्न पर आकर बुद्धि उसकी अटक गयी

हो किसी पर जवाब तो बता देना
बेचारे की पहेली सुलझा देना …………:)

गुरुवार, 1 नवंबर 2012

मेहंदी लगे हाथ



पता नहीं क्यों
अब मेहंदी लगे हाथों
का आकर्षण
नहीं लुभाता मुझे
और तुम जानते हो
कभी वो वक्त था
जब मेहंदी
मेरी रूह में बसती थी
जब मेहँदी का रंग
मेरी सांसों संग
महकता था
जब मेहंदी के लिए
मैं रात रात भर जागा करती थी
तीलियों से मेहँदी लगाना
कहाँ सुगम था
आज कल जैसे थोड़े ही
कि कीप बनाओ और झट लगा दो
वो वक्त और था
जब मेहंदी एक परंपरा होती थी
जब मेहंदी सिर्फ मेहंदी नहीं होती थी
उसमे साजन का प्यार घुला होता था
मेहंदी लगे हाथ देख
अन्दर ही अन्दर
एक शोखी सी अंगडाई लेती थी
तभी तो सुबह उठकर
सबसे पहले उसके रंग पर
निगाह जाती थी
रंग .......हाँ , मेहंदी का रंग
बस उसी पर तो सारा
दारोमदार होता था
जो कहीं ना कहीं
मन के किसी चोर को
हकीकत बयां कर जाती थी
जितना गाढ़ा रंग होता था
उतनी ही हया की लाली
सुर्ख हो जाती थी कपोलों पर
और इतराने लगती थी खुद पर
मगर ना जाने
वक्त का कैसा उल्टा पहिया घूमा
मेहंदी ने मुझसे नाता सा ही तोड़ लिया
चाह तो आज भी परवान चढ़ती है
मगर फिर सब अवांछित सा लगता है
क्योंकि
प्रेम कब मेहंदी के रंग का मोहताज रहा है
ये बात शायद अब समझ आ गयी है
तभी जो मेहंदी तुमने अपने प्रेम के रंगों से घोली है
वो ही तो मेरी आत्मा पर लगी है
और उसका सुर्ख रंग
नहीं छूटेगा जन्म जन्मान्तरों तक
फिर बताओ तो ज़रा
इन दिखावे के रिवाजों की कर्ज़दार मैं क्यों बनूँ ........है ना साजन !!!!!!!!!!

बुधवार, 24 अक्टूबर 2012

"कागज़ ही तो काले करती हो "

तोड़ने से पहले तोडना
और जोड़ने से पहले जोड़ना
कोई तुमसे सीखे
कितनी आसान प्रक्रिया है
तुम्हारे लिए
ना जाने कैसी सोच है तुम्हारी
ना जाने कैसे संवेदनहीन होकर जी लेते हो
जहाँ किसी की संवेदनाओं के लिए
कोई जगह नही होती
होती  है तो सिर्फ एक सोच
अर्थ की दृष्टि से
अगर आप में क्षमता है
आर्थिक रूप से कुछ कर पाने की
तब तो आप की कोई जगह है
वर्ना आपका नंबर सबसे आखिरी है
बेशक दूसरे आपको सम्मान देते हों
आपके लेखन के कायल हों
मगर आप के जीवन की
यही सबसे बड़ी त्रासदी होती है
आप अपने ही घर में घायल होती हो
नहीं होता महत्त्व आपका
आपके लेखन का
आपके अपनों की नज़रों में ही
और आसान  हो जाता है उनके लिए कहना
क्या करती हो ........."कागज़ ही तो काले करती हो "
फिर चाहे बच्चे हों या पति
बेटा हो या बेटी
उनकी सोच यहीं तक सीमित होती है
और वो भी कह जाते हैं
आपका काम इतना जरूरी नहीं
पहले हमें करने दो
इतने प्रैक्टिकल हो जाते हैं
कि संवेदनाओं को भूल जाते हैं
उस पल तीर से चुभते शब्दों की
व्याख्या कोई क्या करे
जिन्हें पता ही नहीं चलता
उनके चंद लफ़्ज़ों ने
किसी की इमारत में कितनी दरारें डाल दी हैं
और दिलोदिमाग में हथौड़े से बजते लफ्ज़
जीना दुश्वार करते हैं
और सोचने को मजबूर
क्या सिर्फ आर्थिक दृष्टि से सक्षम
स्त्री का कार्य ही स्वीकार्य है
तभी उसके कार्य को प्रथम श्रेणी मिलेगी
जब वो आर्थिक रूप से संपन्न होगी
और उस पल लगता है उसे
शायद किसी हद तक सच ही तो कहा किसी ने
क्या मिल रहा है उसे ............कुछ नहीं
क्योंकि
ये वो समाज है
जहाँ अर्थ ही प्रधान है
और स्वान्तः सुखाय का यहाँ कोई महत्त्व नहीं ..............
शायद इसीलिये
हकीकत की पथरीली जमीनों पर पड़े फफोलों को रिसने की इजाज़त नहीं होती ...................


शनिवार, 20 अक्टूबर 2012

अंकुरण की संभावना हर बीज मे होती है

लगता है मुझे
कभी कभी डरना चाहिये
क्योंकि डर मे एक
गुंजाइश छुपी होती है
सारे पासे पलटने की…
डर का कीडा अपनी
कुलबुलाहट से
सारी दिशाओं मे
देखने को मज़बूर कर देता है
फिर कोई भी पैंतरा
कोई भी चेतावनी
कोई भी सब्ज़बाग
सामने वाले का काम नही आता
क्योंकि
डर पैदा कर देता है
एक सजगता
एक विचार बोध
एक युक्तिपूर्ण तर्कसंगत दिशा
जो कभी कभी
डर से आगे जीत है
का संदेश दे जाती है
हौसलों मे परवाज़ भर जाती है
डर डर के जीना नही
बल्कि डर को हथियार बनाकर
तलवार बनाकर
सजगता की धार पर चलना ही
डर के प्रति आशंकित सोच को बदलता है
और एक नयी दिशा देता है
कि
एक अंश तक डर भी हौसलों को बुलन्दी देता है
क्योंकि
अंकुरण की संभावना हर बीज मे होती है
बशर्ते उसका सही उपयोग हो
फिर चाहे डर रूपी रावण हो या डर से आँख मिलाते राम
जीत तो सिर्फ़ सत्य की होती है
और हर सत्य हर डर से परे होता है
क्योंकि
डर की परछाईं तले
तब सजगता से युक्तिपूर्ण दिशा मे विचारबोध होता है
और रास्ता निर्बाध तय होता है………
अब डर को कौन कैसे प्रयोग करता है
ये तो प्रयोग करने वाले की क्षमता पर निर्भर करता है………

सोमवार, 15 अक्टूबर 2012

और बस उसी दिन निर्णय हो गया

……… कर रही हूँ मैं
हाँ ..........यही है मेरी नियति
जीना यूँ तो मुकम्मल कोई जी ना पाया
फिर मेरा जीवन तो यूँ भी
जलती लकड़ी है चूल्हे की
जिसमे बची रहती है आग
बुझने के बाद भी
सुबह से जली लकड़ी
शाम तक सुलगती रही
मगर राख ना हुई
एक भुरभुराता अस्तित्व
जिसे कोई हाथ नहीं लगाना चाहता
जानता है हाथ लगाते ही
हाथ गंदे हो जायेंगे
और राख का कहो तो कौन तिलक लगाता है
जो बरसों सुलगती रही
मगर फिर भी ना ख़त्म हुई
इसलिए एक दिन सोचा
क्यूँ ना ख़ुदकुशी कर लूँ
मगर मज़ा क्या है उस ख़ुदकुशी में
जो एक झटके में ही सिमट गयी
मज़ा तो तब आता है
जब ख़ुदकुशी भी हो ..........मगर किश्तों में
और बस उसी दिन निर्णय हो गया
और मैंने रूप लकड़ी का रख लिया
अब जीते हुए ख़ुदकुशी का मज़ा यूँ ही तो नहीं लिया जाता ना …………

गुरुवार, 11 अक्टूबर 2012

बच्चे तो बस हो जाते हैं ...............


वो कहते हैं अब के बच्चों में
संवेदना नहीं पनपती
प्रेम प्यार के बीज ना
पल्लवित होते हैं
बेहद प्रैक्टिकल
होते जा रहे हैं
ना मान आदर सम्मान करते हैं
अब तो आँख की शर्म भी
भूलते जा रहे हैं
आपस में यूँ लड़ते झगड़ते हैं
मानो खून के प्यासे हों
ना  देश से प्यार
ना  समाज से
और ना  अपनों से
सिर्फ अपने लिए
जिए जा रहे हैं
मान मर्यादाओं को
भूले जा रहे हैं
मगर इसके कारण
ना  खोजे जा रहे हैं
क्यों आज की पीढ़ी में
अभाव पाया जाता है
क्यों नहीं उनके चेहरों पर
मुस्कान का भाव पाया जाता है
क्यों नहीं मुख से
आत्मीयता टपकती है
कारण खोजने होंगे
क्योंकि
ये सब पूर्व पीढ़ियों की ही तो देन  है
गहन अध्ययन करना होगा
आत्मशोधन करना होगा


प्रेम का न कहीं कोई भाव होता है

सिर्फ स्त्री और पुरुष
दो प्राणियों से निर्मित
जग संचालित होता है
गर गौर करोगे  तो पाओगे
प्रकृति के रहस्य भी जान  जाओगे
प्रकृति का फूल खिला होता है
एक रूप रंग गुण से भरा होता है
क्योंकि वहां मोहब्बत का संचार होता है
जो दिया मोहब्बत से दिया
जो लिया मोहब्बत से लिया
तो क्यों न वहां मोहब्बत का संचार हुआ
उस रूप पर ज्ञानी , अज्ञानी, कुटिल, खल , कामी
सभी मोहित होते हैं
पर फिर भी न हम कोई सीख लेते हैं
सिर्फ आत्म संतुष्टि  के लिए ही जीवन जीते हैं


स्त्री पुरुष दो भिन्न प्रकृति

तत्वतः जब एक होती हैं
तो सिर्फ रतिक्रीड़ा का ही
आनंद लेती हैं
वहां ना ये भाव होता है
न इक दूजे की सहमति  होती है
फिर मोहब्बत तो
उन क्षणों में
बेमानी लफ्ज़ बन रह जाती है
क्योंकि सिर्फ शरीरों का खिलवाड़ होता है
वहां तो आत्म संतुष्टि
का ही भाव उच्च आकार लेता है
जब स्वार्थ सिद्धि ही कारक बनेगी
तो कैसे न गाज गिरेगी
सिर्फ आत्म संतुष्टि के लिए
जब सम्भोग होता
तो ऐसे ही बच्चों का जन्म होगा
वहां बच्चे तो बस हो जाते हैं


स्त्री से कब पूछा  जाता है

वहां तो बीज बस रोंपा जाता है
उसकी चाहत पर अंकुश रख
अपनी चाहतों को थोपा जाता है
ऐसे में जैसा बीज पड़ेगा
फसल तो वैसी ही उगेगी
प्यार मोहब्बत संवेदन विहीन
पीढ़ी ही जन्म लेगी


क्षणिक आवेगों में

क्षणिक सुखों के वेगों में
बच्चे तो बस हो जाते हैं
और अपने किये की तोहमत भी
हम उन्हीं पर लगाते  हैं


क्योंकि

उपयुक्त वातावरण के बिना तो
ना कहीं कोई फूल खिलता है
उसे भी हवा , पानी और ताप
के साथ प्रकृति का
निस्वार्थ स्नेह मिलता है
तभी वो अपनी आभा से
नयनाभिराम दृश्य उपलब्ध कराता  है
फिर कैसे वैसा ही
आत्मीय सम्बन्ध बनाये बिना
मानवीय संवेदनाओं
का जन्म हो सकता है
जब सुनियोजित तरीके से विचार जायेगा
और गर्भधारण से पहले
इक दूजे की सहमति  , प्यार और समर्पण
को आकार  मिलेगा
उस दिन मोहब्बत
प्रकृति और पुरुष सी
जीवन में उतरेगी
इक दूजे को मान देगी
नयी पीढ़ी के जन्म में
मोहब्बत के अंकुरण भरेगी
तभी संवेदनाएं जन्म लेगीं
तभी मोहब्बत का पौधा लहलहाएगा
और हर चेहरे पर
खिला कँवल मुस्कराएगा
फिर न कभी ये कहा जायेगा
बच्चे तो बस हो जाते हैं
बच्चे तो बस हो जाते हैं ...............

सोमवार, 8 अक्टूबर 2012

शुभ मुहुर्त

ना जाने कैसे रिवाज़ हैं
निकलवाते हैं हम तारीखें
कभी मुंडन की तो कभी ब्याह की
कभी गृहप्रवेश की तो कभी शुभ लग्न की
चिन्ता रहती है हमेशा
सब शुभ होने की
सब कार्य ठीक से सम्पन्न होने की
मगर भूल जाते हैं आवश्यक कार्य को
जिस कारण जन्म लिया
जिस कारण मानव तन मिला
कभी नही सोचा उस बारे मे
नही की कोई चिन्ता
नही चाहा कुछ ऐसा करना
आखिर क्यों?
क्या जरूरी नही है
मानव तन का सदुपयोग
क्या जरूरी नही है
हर पल का उपयोग
क्यों नही विचार किया
क्यों नही निकलवाया
वो शुभ मुहुर्त कभी
जब प्रस्थान करना होगा
मगर हाथ मे ना कुछ होगा
उससे पहले जो जरूरी
कर्म खुद के प्रति करना है
क्यों ना उसका विचार किया
क्यों नही निकलवाया
वो शुभ मुहुर्त कभी
जिसमे खुद से साक्षात्कार कर सकें
कुछ आत्मविचार कर सकें
आखिर कैसे भूल जाते हैं हम
अपने परम कर्तव्य को
गर जिसे यदि साध लें
तो ना जरूरत पडे
कोई भी शुभ मुहुर्त निकलवाने की
फिर हर पल , हर दिन , हर मुहुर्त शुभ ही शुभ हो………

गुरुवार, 4 अक्टूबर 2012

उधार की सुबहों से ज़िन्दगी नहीं गुज़रा करती

करवटों ने साजिश की ऐसी, पायताने बदल गए
जो रूह के सुर्ख गुलाब थे, तेरी ख़ामोशी की भेंट चढ़ गए
अब नहीं लिखती नज़्म कोई तेरे शानों पर
पीठ पर देख तो कैसे फफोले पड़ गए
ये नामों के उधार कैसे चुकाती , ये सोच
नामों के ही पर कुतर दिए .............
अब चमड़ी के उधड़ने का डर नहीं
देख नाखून सारे खुरच दिए
यूँ सिलसिले बेतरतीबी के तरतीब में बदल गए
मगर  पेशानी पर तुम्हारी बल फिर भी पड़ गए
जब जाड़े की रातों में करवट तुम बदल गए
मेरी सिलवटों में देख वट और पड़ गए
जो  खोखली रवायतों पर सिर मैंने झुका दिया
तेरे कमान से देख तीर फिर भी निकल गए
आसमाँ की खामोशी पर तारे सारे पिघल गए
रात के सीने पर खून के आँसू उबल गए
अब सुबह की दरकार किसे
रुसवाइयों के आँगन में
तनहाइयों की महफ़िल में
हम तो रात में ही मर गए
और जीवन मृत्यु के फेर से
मुक्त जैसे हो गए , मुक्त जैसे हो गए .............

उधार की सुबहों से ज़िन्दगी नहीं गुज़रा करती ..........जानते हो ना मनमीत मेरे !!!!!!!!!

शुक्रवार, 28 सितंबर 2012

बरसात के बाद शिशिर के आगमन से पहले

बरसात के बाद
जब मौसम करवट लेता है
शिशिर के आगमन से पहले
और बरसात के बाद की अवस्था
मौसम की अंगडाई का दर्शन ही तो होती है
शिशिर के स्वागत के लिए
हरा कालीन बिछ जाता है
वैसे ही
जब मोहब्बत की बरसात के बाद
जब इश्क करवट लेता है
पूर्णत्व से पहले की प्रक्रिया
मोहब्बत की सांसों को छीलकर
उसे सजाना संवारना
और पूर्णता की ओर ले जाने का उपक्रम
किसी मौसम का मोहताज नहीं होता
वहाँ मोहब्बत जब
प्रेम में तब्दील होती है
और प्रेम जब इबादत में
तब खुदाई नूर की चिलमन के उस तरफ
आगाज़ होता है एक नयी सुबह का
महबूब के दीदार से परे
उसकी रूह में उतरने का
उसके अनकहे को पढने का
उसकी चाहतों पर सजदा करने का
और मिल जाती है वहाँ
परवान चढ़ जाती है वहाँ
मोहब्बत कहो या इश्क कहो या प्रेम कहो या खुदा ............अपने वजूद से
समा जाती है मोहब्बत ..........मोहब्बत में 

बरसात के बाद शिशिर के आगमन से पहले...........…

शुक्रवार, 21 सितंबर 2012

"दश पुत्र समां कन्या, यस्या शीलवती: सुता "


"दश पुत्र समां कन्या, यस्या शीलवती: सुता " 
कितना हास्यास्पद लगता है ना 
आज के परिप्रेक्ष्य में ये कथन 
दोषी ठहराते हो धर्मग्रंथों को
अर्थ के अनर्थ तुम करते हो 
नारी को अभिशापित कहते हो
दीन हीन बतलाते हो
मगर कभी झांकना ग्रंथों की गहराइयों में
समझना उनके अर्थों को
तो समझ आ जायेगा
नारी का हर युग में किया गया सम्मान
ये तो कुछ जड़वादी सोच ने 
अपने अलग अर्थ बना दिए 
और नारी को कहो या बेटी को या पत्नी को
सिर्फ भोग्या बना डाला 
सिर्फ अपने वर्चस्व को कायम रखने को
तुमने बेटी के अधिकारों का हनन किया
जबकि इन्ही ग्रंथों ने 
एक शीलवान कन्या को 
दस पुत्रों समान बतलाया 
तो बताओ कैसे तुमने
गर्भ में ही कन्या का गला दबाया
और पुत्र की चाहत को सर्वोपरि बतलाया

पुत्र भी कुल कलंकी होते हैं
बेटियां तो दो घरों को संजोती हैं
ये सब तुम्हारा रचाया व्यूह्जाल था 
जिसमे तुमने नारी को फंसाया था
समाज मर्यादा का डर दिखलाया था 
वरना नारी कल भी पूजनीय थी
वन्दनीय थी शक्ति का स्त्रोत थी
और आज भी उसकी महत्ता कम नहीं
बस अब इस सच को तुम्हें समझना होगा
धर्मग्रंथों का फिर से विश्लेषण करना होगा
क्यूँकि तुमने इन्हें ही नारी के खिलाफ हथियार बनाया था 
एक बार फिर से सतयुग का आह्वान करना होगा
और हर कथन का वास्तविक अर्थ समझना होगा 

सोमवार, 17 सितंबर 2012

भागो भागो भूत आया ........

भागो भागो भूत आया
संग ऍफ़ डी आई को लाया
कभी कोयला तो कभी डीज़ल
कभी पेट्रोल तो कभी महंगाई

कभी बोफ़ोर्स तो कभी चारा घोटाला
कभी टेलिकॉम घोटाला
तो कभी कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाला,
अच्छी सबने बिसात बिछायी
जनता तो बेचारी बाज आयी
अब ये कैसा विनिवेश आया
जो निवेश भी साथ ले जाएगा
बस भ्रष्टाचारियों के पेट भर जायेगा
और जनता का ध्यान बँट जाएगा
मगर सत्ता पर तो अंगद का पैर काबिज रहेगा
इतना भर सुकून काफी होगा
सरकार तो चैन से सोएगी
बस भूखी जनता ही बिलख बिलख रोएगी
शोषण की महामारी में
जेब ही कुलबुलाएगी
जब ना होगी फूटी कौड़ी जेब में
तो सिलेंडर की जरूरत ना नज़र आएगी
बस तुम्हें यूँ सब्सिडी मिल जाएगी
झुनझुना हाथ में तुम्हारे पकड़ा दिया
हुक्मरानों ने ये समझा दिया
जो हमें चुनाव जितवाओगे
तो यूँ ही शोषित किये जाओगे
यूँ घोटालों के शहंशाह का खिताब
देश को मिल जाएगा
और देश का नाम समूचे विश्व में
अपना परचम लहराएगा
हम तो अपनी मनमानी तुम पर थोपेंगे
सोये हुओं को जरूरत क्या होती है
खाने पीने और पहनने की
बस सोते रहना ही उनकी किस्मत होती है
अब चाहे ऍफ़ डी आई का बोलबाला हो
चाहे देश दोबारा यूँ गुलाम हो
कहो तो क्या फर्क पड़ जायेगा
गुलामी के बीज तुम्हारे लहू में पैबस्त हैं
आदत से तुम मजबूर हो
क्या हुआ जो एक बार फिर से
व्यापारियों को बुलाया जायेगा
और देश को इस बार खुद ही बेचा जायेगा
तुम्हें फर्क नहीं पड़ने वाला है
तुम बस कुम्भकर्णी नींद सोते रहना
और हमारा शासन यूँ सुचारू रूप से चल जायेगा

घोटालों का इतिहास देश के नाम लिख जायेगा
यूँ देश का एक और स्वर्णिम इतिहास बन जायेगा
मगर जनता का दोष
ना जनता को नज़र आएगा
जब तक क्रिमिनलों को सत्ता पर
काबिज होने का मौका मिलता रहेगा
देश का ऐसे ही बंटाधार होता रहेगा
जब तक ना हर हिन्दुस्तानी जागेगा
अपने लिए ना आवाज़ उठाएगा
खुद ना सड़क से संसद तक जाएगा
तब तक तो यूँ ही शोषित किया जायेगा
कभी ऍफ़ डी आई के तो कभी मंहगाई के
तो कभी घोटालों के भूतों से डराया जायेगा
फिर आने वाली पीढ़ी के लिए
ये नया गाना बन जायेगा
भागो भागो भूत आया ........संग नए नए घोटाले लाया

शनिवार, 15 सितंबर 2012

और सुना है……… तुम बच्चे नही हो !



न जाने
जुदा राहियों को मिलवाता है क्यों
फिर उम्र भर लडवाता है क्यों
क्या मज़ा आता है मोहन
यूँ बादशाहत जताने मे
मानती हूँ मानती हूँ
यूँ अपनी राह चलाता है तू
मोह माया के बंधनों से छुडवाता है यूँ
मगर प्रश्न फिर भी वहीं खडा रहता है
आखिर ऐसा करता है क्यूँ?
जब अलग ही करना होता है
फिर क्यों मिलवाना, लडवाना
और फिर छुटवाना
बेहतर होता जो सबको
नारद बना दिया होता
पैदा होते ही हाथ मे 
वीणा पकडा दी होती
कम से कम तुम्हारी भी
यूँ रुसवाई ना होती
कोई तुम पर यूँ 
उँगली तो ना उठाता ना
तुम्हारे अस्तित्व पर 
प्रश्नचिन्ह यूँ लगाता तो ना
जानते हो कभी कभी
तुम्हारी रहस्यमयी मुस्कान भी
संदेह के घेरे मे आ जाती है
कि जैसे कह रहे हों
मेरे पिंजरे की मैना हो
कहाँ जाओगे
कितना उडोगे
वापस यहीं आना है
है ना माधव ! एक रूप तुम्हारी
व्यंग्यकारी मुस्कान का ये भी
फिर भी कहती हूँ 
कभी विचारना इस पर
सोचना , गंभीर 
मनन चिन्तन करना
क्या फ़ायदा यूँ खिलौनो को जोडने और तोडने से 

और सुना है……… तुम बच्चे नही हो ! 
 

बुधवार, 12 सितंबर 2012

ये है कस्तूरी का सफ़र ………450 वीं पोस्ट

दोस्तों

इस बार तबियत सही नही होने के कारण इतनी देर हो गयी और अब जाकर पूरी तरह कस्तूरी को पढ पायी और अपने विचार लिख पायी । सभी इंतज़ार मे थे और पूछ रहे थे कि आप कब लिखेंगी मगर सर्वाइकल की वजह से ज्यादा देर कम्प्यूटर पर काम नही कर पाती सिर्फ़ पढती ज्यादा हूँ आजकल और लिखती कम हूँ इसलिये सबकी पोस्ट पढ लेती हूँ मगर कमेंट कम ही करती हूँ जितना सम्भव हो पाता है उम्मीद है आप सब निराश नही होंगे अपनी तरफ़ से पूरी कोशिश की है अपने विचारों से आप सबको अवगत कराने की ………तो चलिये मेरे साथ कस्तूरी के सफ़र पर …………








मैं कस्तूरी हूँ ..........कस्तूरी वो ही जो अपनी सुगंध से सारे वातावरण को महकाती है , जिसे मृग अपनी कुंडली में लिए खोजता फिरता है मगर हाथ नहीं आती . मेरी सुगंध से मदहोश होती फिजा ना जाने कितने ही रूप अपने में समेट लेती है और फिर एक एक करके अपने आँचल से बाहर निकालती रहती है और एक मनमोहक सुरम्य वातावरण हर पल ह्रदयों को उल्लसित प्रफुल्लित करता रहता है तभी तो देखो मेरे आँगन की पहली फुहार में कौन भीग रहा है ........

ये हैं अजय देवगिरे जो प्रेम की बयार में ऐसे बह गए हैं कि उन्हें चारों तरफ सिर्फ तू ही तू है नज़र आती , तो कभी जाने वो किधर है ढूंढते फिरते हैं ये आलम तभी होता है इन्सान के साथ जब वो स्वयं को भूल जाता है तभी तो अजय कहते हैं अपना होना छोड़ दिया मैंने  एक इश्क की खुमारी तारी  है तभी तो अगर तुम होते , तुझमे खो जाऊँ सरीखी दुनिया ना बसाते, ये मोहब्बत के फलसफे यूँ ही ना गढ़ते , जिसने प्रीत का पानी पीया हो उसे भला क्या भूख ,प्यास , नींद लग सकती है वो तो अपनी मोहब्बत की कस्तूरी में ही डूबा रहता है .


इधर अमित आनंद पाण्डेय ने अपनी कस्तूरी से सबके कान खड़े कर दिए हैं और अपने बंद तभी तो कह रहे हैं मुझे तो  सुनना भी नहीं आता जब ना सुनकर इतना सुन लेते हैं तो गर सुनना आता तो क्या करते ? माँ की ममता की कस्तूरी में देखो तो कैसे भीग गए हैं कि यादों के सावन बिन मौसम बरस गए हैं तभी तो ठण्ड आने वाली है और आज की बारिश में छुपे डर ने ख्यालों पर धुंध का साया फहरा दिया है तभी तो उस शाम के धुंधलके में यादों की मिटटी सिर्फ महक रही है मगर रीते हाथों में क्योंकि नया मेहमान अपने साथ लेकर आ रहा है वो ही पीढ़ियों की दी हुई परिपाटी जो अपना रंग कभी नहीं बदलती और देहरादून से लौटते हुए एक कसक आज भी छटपटा रही है ना जाने किस खोज में कस्तूरी मृग बनी हुई है .

देख लो मेरी कस्तूरी के रंगमच पर आनंद द्विवेदी की हमारी दुनिया कैसे अपने रंग बिखेर रही है तभी तो नाटक के पात्र स्वयं को जीवंत करने के लिए उत्सुक हैं प्रेम की परिधि में कैद होकर और प्रेम की सुवासित महक में जब हरसिंगार की महक अपना रंग उँडेलती है तो वजूद समाधिस्थ हो जाते हैं और प्रेम खुदा तभी तो प्रेम की आखिर कैद की मुन्तजिर हो जाती है रूह जहाँ दो का अस्तित्व एक में समाहित हो जाता है और उसी के इंतज़ार की शाम को कैद करने की कवायद कब कस्तूरी बन होशोहवास पर छा जाती है और प्रेम की यात्रा अन्दर की तरफ शुरू पता ही नहीं चलता .

मेरी  कस्तूरी से सुवासित कुमार राहुल तिवारी भी हैं तभी तो आनंद विभोर हैं ये सोचकर कि सिर्फ मेरे बन कर मेरे घर कृष्ण आये इस सोच में सराबोर राहुल को चिंता नहीं है कल की तभी तो आज में जी रहे हैं और कह रहे हैं कल हो ना हो क्योंकि पुराने पेड़ पर नए पत्ते तो आने ही हैं फिर चिंता कैसी ये तो प्रकृति का अटूट नियम है तो इससे भागना कैसा ? जो आज नया है कल पुराना होना ही है इस तथ्य को रेखांकित करते प्रकृति से तारतम्य बैठा रहे हैं और प्रकृति और हम की परिभाषा समझा रहे हैं कि क्यों नहीं हम जीना सीखते अपने आस पास बिखरे प्रकृति के सौंदर्य से कितना फर्क है उनमे और हम में और उनकी यही कोशिश दे रही है जीने को ऊर्जा , एक संबल , एक राह तभी तो चाँद ने पूछा बादल से रात के बाद क्या होगा और उस क्या का उत्तर खोजता राहुल का मन कस्तूरीमृग बन गया जो खोज रहा है निरंतर अपने अन्दर बहती कस्तूरी को ..

इधर गुंजन अग्रवाल प्रेम की कस्तूरी में भीगी प्रेम के अंतर को समझने का अथक प्रयास कर रही हैं और इस सवाल में उलझी हैं कि उसके और हमारे प्रेम में ये अंतर कैसा ? बात तो सही है प्रेम ना जाने जात बिरादरी उसके तो बस चाहत होती है , एक गूँज होती है , एक पुकार होती है तभी तो शब्द शब्द हो तुम (मैं और मेरा मन ) कहते कहते कब मन की वीणा गुनगुनाने लगी और ये गीत गाने लगी सुन पगली , कब्बी इश्क ना करना क्योंकि इश्क की गलियों में तबस्सुम नहीं खिला करते ज़िन्दगी धुआं धुंआ होने लगती है तभी तो कभी कभी प्रेमी मन कह उठता है सुनो कई दिन से मन है , एक चरस वाली सिगरेट पीने का तो कभी बिल्कुल बच्चा बन जाता है मन और कहता है मन है आज फिर , नन्हे पंखों वाली बच्ची बन जाने का जिसमे छुपी है एक भीगी सी तस्वीर जो मोहब्बत की ताबीर गढ़ रही है , इंतज़ार के बोनसाई बुन रही है क्योंकि कदम्ब होना आसान नहीं होता तभी तो मैं बोनसाई हूँ , कदम्ब नहीं कहते कहते कब अपनी सखी की पीड़ा ने व्यथित कर दिया और लिख डाली एक पाती पांचाली के नाम और भिगो दिया सारा आलम अपनी कस्तूरी में जो बस मन के हर कोने को सुवासित करती है मगर मिलती नहीं

गुरमीत सिंह अपनी कस्तूरी की भीनी भीनी सुगंध बिखेरते दिल पर ही चोट कर बैठे तभी तो कह रहे हैं यादों को कितना ही सहेज लो मगर कागज़ के टुकड़ों के दिल नहीं होते और दिल है कि मानता नहीं तभी तो मरीचिका में भटक रहे हैं अजनबी बन और आइनों से डरने लगे हैं क्योंकि कभी कभी कुछ ख्याल ही दिल को छू जाते हैं काश इससे आगे जहाँ और भी होता जहाँ बंदगी होती , दुआ कबूल होती फिर चाहे दो लम्हे में ही कुछ बातें होतीं मगर दिल की एक हसरत तो निकल जाती .

जैस्बी गुरजीत सिंह इंतज़ार की पांखों पर सपने सजाये तेरे साथ गुजारे पल की फेहरिस्त बनाये मोहब्बत के हिसाब में मशगूल ना जाने कब और कैसे मैंने पाला है इक गम शायद भूल गए थे मोहब्बत का दूसरा नाम गम ही तो है , दर्द ही तो है तो फिर इश्क का घूँट पीने से डर कैसा कुछ कतरे तो समेटने ही होंगे करनी होगी इबादत तभी तो कोई समझेगा मेरी मजबूरियां और इन मजबूरियों की अधूरी दास्ताँ और फिर वो एक ख्वाब बन सज जाना चाहती है आँखों के झुरमुटों में ताकि ताकि सुबह सवेरे तेरे सिरहाने सिर्फ उसके बन कर आऊँ और ठहर जाऊँ मैं , तेरे अनलिखे ख़त सा तेरी यादों की चिलमन में और मेरी मोहब्बत की कस्तूरी फिर ना ढूंढें कोई कोना रीता सा ।

इच्छा और शक्ति के संघर्ष में रत वंदना सिंह का स्वगत प्रलाप  मौन की वेदना को परिलक्षित करता मन को दिशा दे रहा है और कह रहा है सम्हल रे मन सम्हल  क्योंकि निज स्वार्थ से बढ़कर और कोई तम नहीं फिर अपने मन में छुपाये तूफानों का सागर कब जीवन में उफान ला दे पता नहीं चलता तभी तो अकेली राह पर जाता आदमी कब लौटने लगे अपने विषादों , अवसादो के साथ इसलिए तू बन श्रेष्ठ कृति मानव ताकि जन मानस के पटल पर तेरी स्मृति हमेशा याद आये और तू ख्वाब नहीं हकीकत बन जाये शायद यूँ माँ का क़र्ज़ उतर जाए .

नीलिमा शर्मा नई नवेली के इंतज़ार की कस्तूरी को महकाती संबोधन पर आकर रुक जाती हैं और सोचती हैं कि आखिर उन्हें संबोधन किया दिया जाये आप, तुम , तू या फिर औपचारिकता से परे निभाया जाये रिश्तों को क्योंकि ये हमारी ज़िन्दगी है इसे कैसे व्यतीत करना है ये हम पर निर्भर करता है . यथार्थ और पलायन में से कौन सी दिशा अपनानी हैं , किस राह पर चलना है क्योंकि किसी राह चलो लोग कहते हैं अपनी अपनी बातें मगर तय हमें करना है मैं देखूं किसे और कैसे तभी तो मिलेगी नयी दिशा और दशा और होगा कविता का जन्म तो फिर अब इंतज़ार किस बात का ..........बढ़ चलो मंजिल दूर नहीं कदम दर कदम ।

नीलम पुरी का प्यासा मन कैसे हिलोर ले रहा है और कह रहा है अब रोऊँ जार जार तो चुप होने के लिए मुझसे मत कहना क्योंकि मेरा तो जो भी कदम है वो तेरी राह में है मेरी सांस , मेरी धड़कन , मेरे लफ्ज़ सब तुम्हारे लिए ही तो हैं ऐसे में कुछ अनकही बातें कहने का मन है जिसे गर तुम पढ़ लो तो तुम्हारी रूठी रूठी सी प्रियतमा मान जाए और दिल की हर हसरत निकल जाए . ना रहें हम लफ़्ज़ों के मोहताज़ क्योंकि मोहब्बत लफ़्ज़ों की मोहताज नहीं होती जहाँ दिल की बातें सिर्फ दिल से हो जाती हैं वो चाहे मेरी हों या तुम्हारी क्योंकि प्यार में डूबे पंछियों के परवाज़ को कौन रोक पाया है वहाँ तो सिर्फ निगाहों में ही कमाल समाया है फिर भी कभी कभी इज़हार के लिए शब्द कहाँ से लाते हो ये मन पूछ ही लेता है अगर हो कोई जवाब तो देना ......

सत्य की बलि वेदी पर सिंकती पल्लवी सक्सेना की आस्था और कर्त्तव्य प्यार पर अधिकार को तरजीह देता है तभी तो सत्यम शिवम् सुन्दरम अपना महत्त्व रखता है क्योंकि जीवन रुपी अग्नि में होम तो होना है सब कुछ मगर कुछ बचना है तो उसके लिए भावनाओं की राख को भी गर समेट लिया जाए तो अस्तित्व प्रश्न चिन्ह बनकर नहीं रह जाता और उन यादों में भीगा मन अपने रेगिस्तान में चश्मा तलाश कर ही लेता है तृप्ति के लिए क्योंकि सागर एक , रूप अनेक हों फिर भी अपनी ख़ामोशी के सागर में कुछ तो मोती मिल ही जाते हैं जो आन्तरिक कोलाहल में एक मचलती लहर की भांति अपना वजूद स्थापित कर जाते हैं ख़ामोशी के साथ फिर चाहे उसे दुनिया बेवफाई नाम ही क्यों ना दे दे

माँ बेटी के रिश्ते को परिभाषित करती बोधमिता की कस्तूरी कैसे मनो को सुवासित कर रही है तभी तो माँ को सृजनकर्ता नाम मिला और उसकी ममता का ना कहीं कोई ओर छोर मिला तभी तो बिटिया को माँ का ही स्वरुप मिला अपनी आकांक्षाओं को कितनी संजीदगी से कह रही है बेटी और फिर माँ से बोली बेटी मुझे चाहे कोई खुदा मिले ना मिले मैंने तो खुदा तुम में देख लिया माँ अब और क्या चाहिए . तो दूसरी तरफ आज के युवावर्ग की चिंता से ग्रसित बोधमिता युवा के जीवन को परिलक्षित कर रही हैं , उसकी उलझन और चाहतों की कहानी कह रही हैं तो दूसरी तरफ एक बीवी के दर्द को बयां कर रही हैं जो कुछ नहीं चाहती सिवाय इतने कि उसे हो गर्व  उसकी ब्याहता होने पर ........विविध रंगों से सजी रंगोली में कस्तूरी की महक कितनी सुवासित कर रही है इसे तो महकने वाला ही बता सकता है

मीनाक्षी मिश्रा तिवारी ने जीवन में मुस्कराहट के पलाश कुछ ऐसे खिलाये की प्रेम की पंखुडियां खिलने लगीं मगर आखिर कब तक क्योंकि गर प्रेम होगा तो विरह का अंकुर भी जरूर फूटेगा और करेगा जीवन के गणित का समाकलन , वो एक दिन तो कस्तूरी महकेगी ही .

मुकेश गिरी गोस्वामी की कस्तूरी देखिये तो कैसे उन्हें जीने के रंग सिखाती है तभी तो कह रहे हैं वो  मुझे जीना सिखाती हो तुम और डूब जाते हैं फिर आत्मचिंतन में कि कहाँ से कहाँ पहुँच गए हम कहीं से तो शुरुआत करें क्योंकि जाने क्यों वीरानी सी लगती है ये दुनिया उन्हें कोई तो कारण होंगा यूँ ही तो नहीं असमंजस में होंगे . आत्मसंतुष्टि के लिए श्रृंगार से सजी मेरी कविता होती  अगर तुम होंतीं जीवन में क्योंकि अब तलक तेरी खुशबू आती है तभी तो तुमसे कभी रोया ना गया कहते कहते मुकेश अपनी कस्तूरी बिखरा रहे हैं .

रजत श्रीवास्तव मौन के  गह्वर में संवाद की परंपरा को निभाते बस यूँ ही ऐसे ही यादों की खुरचन खुरच रहे हैं
क्योंकि तुम्हारे रहते , मैं तुमसे अलग नहीं, देख ले कहते कहते अपने प्रेम की कस्तूरी अपनी प्रियतमा को भेंट कर रहे हैं .

कस्तूरी है तो बिखरेगी ही फिजाओं में और महकाएगी हर कोना तभी तो रश्मि प्रभा जी के देखने का अंदाज़ ही जुदा है सबसे जो सोचती हैं परेशानियाँ तो दरअसल समझदारी में हैं जो जीवन को एक नयी सोच देती है साथ ही हरिनाम को भी नहीं भूलीं हैं फिर चाहे कितना ही मुश्किल है सिद्धांतों आदर्शों की गली में चलना क्योंकि नरभक्षियों के जमघट से बाहर निकलना आसान नहीं होता और कुछ तो मन में ही छुपे होते हैं उनसे निजात कोई कैसे पाए तभी तो प्रश्न दाग दिया ए तुम ! एक नाम के सिवा क्या कुछ और बन पाए अपने अहम् से उठ पाए हम का जामा पहन पाए क्योंकि एक उम्र बीत गयी लड़ते लड़ते , चलते चलते और हर बार क्यूं करूँ मैं ही समझौते एक बार तुम भी तो गुजर कर देखो उस आग से ......

राहुल सिंह अपनी कस्तूरी को भारत दर्शन करते बिखरा रहे हैं मगर अब भी कुछ बाकी है जिसकी फिक्र में फिक्रमंद हैं क्योंकि दासता से मुक्ति आज भी कहाँ मिली हैं तभी तो जो लक्ष्य है वो अधूरा है और असफल कार्य को कौन नमन करता है जब तक कि ना ऐसा दिन आता है जहाँ जीने की मर्यादा हो सम्मान के साथ क्योंकि अब नहीं चाहिए किसी की दया अपना हक़ चाहिए अपना सम्मान चाहिए बस ऐसा वरदान मिले यही तो है वो इच्छा जहाँ मोक्ष की भी चाह नहीं क्योंकि रिश्तों की पीड़ा दुनिया नहीं समझती तभी तो व्याकुल मन का भंवर  इंतज़ार में हैं कब आएगी शाम सुनहरी  तो कैसे ना कस्तूरी का सिन्दूरी रंग बिखरेगा जन मानस के पटल पर .

 ख़ामोशी को सुना मैंने आखिर कैसे इश्क के पंखों पर सवार होकर रिया ने सुन ली ख़ामोशी की आवाज़ क्योंकि वो हाथों का मिलना ही सब कुछ कह गया शायद लिख ना पाऊंगी क्योंकि कुछ बातें शब्दों से परे  जो होती हैं तो दूसरी तरफ ये मन की गलियाँ कितनी गहन होती हैं जो पीड़ा का दिग्दर्शन यूँ करती हैं कि वृद्धावस्था अभिशाप या बीमारी क्या है इसी चिंतन में डूब गयी हैं .

इसी क्रम में मेरी कस्तूरी ने भी अपने पाँव पसारे हैं जहाँ इंतज़ार की सिलाई नहीं होती क्योंकि आस के पंछी ने अब ओसारे पर दाना चुगना बंद कर दिया है तभी तो यूँ ही डिग्रियां नहीं मिलतीं मोहब्बत की एक आग से गुज़रना पड़ता है , अध्ययन और शोधों के ग्रन्थ लिखने और पढने के बाद ही माँ !मुझे तुझमे इक बच्चा नज़र आता है शायद तभी बूढा और बच्चा बराबर गिना जाता है मगर इसमें भी सबका अपना दृष्टिकोण होता है क्योंकि अच्छाई या बुराई तो देखने वाले की नज़र पर निर्भर करती हैं फिर हर चीज की कीमत होती है चाहे वो सफलता के प्रतिमान ही क्यों ना हों चुकाने तो पड़ते ही हैं फिर भी कुछ ना कुछ बच ही जाता है  जो बचता है शून्यता के बाद भी उसी को समेटना होगा नहीं तो अछूत हूँ मैं आज ये बात जान लेना क्योंकि वक्त ने बदल दिया है मेरा मिजाज़ .

वाणी शर्मा की कस्तूरी के रंग में सबसे पहले दस्तक दे दी पतझड़ के पहरेदार ने क्योंकि प्रेम के स्पंदनों ने हमें जितना पोषित किया उतने ही हम शोषित हुए और कोई है जो नहीं चाहता कि हम पोषित रहें तभी तो कतरा कतरा प्रेम खुरचा जा रहा है आक्रोश और विद्रोह , कुंठित सोच हावी हो रही है तभी तो गर्भ हत्या का अपराधबोध ग्रसित नहीं करता फिर चाहे उसके लिए किसी की भी बलि दे दी जाए चाहे माँ हो ये बेटी और इस दर्द को एक बेटी ही समझ सकती है जो माँ के अस्तित्व को अपनी आँखों में संजोती है जहाँ उसे माँ में ही पिता का अस्तित्व नज़र आता है और कह उठती है मैं और क्या कर सकती हूँ माँ अपनी विवशता से दो चार होती बेटी के भावों को संजीदगी से संजोना भी काफी है क्योंकि लिख रहा है कहीं कोई प्रेम पत्र जो सुवासित करेगा मन के आँगन को जिसकी महक से महकेगा हर आँगन क्योंकि मेरे घर की खुली खिड़की से फिजाओं में बिखर जाएगी उसकी खुशबू इतनी तो उम्मीद जरूर है .

मेरी कस्तूरी में केवल गड्ढे भावनाओं के ही नहीं हैं क्योंकि उम्र गुज़र गई इन्हें भरते भरते कह रही हैं शिखा वार्ष्णेय जी अब मोहब्बत को टांग दिया है खूँटी पर  पुरानी कमीज की तरह और सहेज लिया है प्रेम अपने अंतस में क्योंकि  इस धुआं धुआं ज़िन्दगी का क्या भरोसा कब द्वन्द में फँसा दे और जब मौन प्रखर हो तब फिर एक नयी सौगात रख दे कसौटी की और मैं ढूंढूं अपने उस अस्तित्व को जो आज बेजान सा निरीह सा पड़ा है उस कोने में जहाँ भावनाएं अब नहीं सहेजतीं उसे, बन गया है रद्दी पन्ना क्योंकि तू और मैं हमेशा तू और मैं ही रहे कभी हम ना बन सके .

हरविंदर  सिंह सलूजा आज भी जी रहे हैं कुछ पन्ने ज़िन्दगी के जिनमे अहसास उसकी खुशबू का समेटा हुआ  है तभी तो गहरा लाल रंग गुलाब का प्रेम का प्रतीक बना है ऐसे में कोई कैसे कोई प्रेम कहानी लिख सकता है तभी तो वो कह रहे हैं कैसे उसे मैं दीवानी लिखूं क्योंकि मोहब्बत में कोई भी तुझसा नहीं देखा और तुझे पाने के जूनून में ज़िन्दगी को खो दिया बस यही तो चाहा ज़िन्दगी - तेरे साथ गुजरे फिर चाहे एक पल के लिए भी क्यों ना हो क्योंकि मोहब्बत में डूबी आशनाई इस इंतजार में नहीं रहती जाने कौन परी पास आएगी उसे तो मोहब्बत ही खुदा नज़र आएगी अब चाहे कोई प्यार को कितना बनते कम नहीं होता कुछ ना कुछ तो बच ही जाता है क्योंकि सबके हिस्से में कुछ आ जाये इसी आस में गुजर जाती हैं ज़िन्दगी की घड़ियाँ .


अंजू चौधरी की कस्तूरी में बुरा वक्त ९९ वें पे ख़त्म हो शून्य से फिर शुरू हो जाता है जीवन चक्र यही तो होता है क्योंकि स्वार्थमय है ये संसार कोई किसी  के लिए नहीं सोचता  और पुरुष  तो बिल्कुल  नहीं तभी तो सब  ही नारी  को समेट  लेना  चाहते  हैं सिर्फ  अपने लिए कोई उसके  लिए कुछ क्यों नहीं करता  प्रतिध्वनि मुखरित क्यों नहीं होती,  ये  उम्र से बड़ी  एक लम्बी  ख़ामोशी  कितना कचोटती  है कि नींद  भी पायताने  करवट  बदलती  रहती है फिर भी जीने  की जिजीविषा  कहने  को उद्यत  हो जाती है कि अभी बहुत कुछ है बाकी शायद मेरा तमाशा , मेरा ही दर्द जिसे सिर्फ प्रयोग किया गया मगर महसूसा नहीं गया फिर कैसे कस्तूरी के रंगों को समेटूं ?

मुकेश कुमार सिन्हा की स्मृतियाँ कभी डराती हैं तो कभी दुलराती हैं और जीवन को दिशा दे जाती हैं फिर भी पता नहीं क्यूँ हम खुद से ईमानदारी नहीं बरतते और नहीं पहचान पाते खुद को अपने ही आईने में फिर भी कोशिश जारी रहती है क्योंकि यूटोपिया यूँ ही नहीं मिला करता सब अंतस में ही तो सिमटा है  बस देखने वाली नज़र की जरूरत होती है मगर कुछ चीजें हमने नज़रंदाज़ करनी सीख ली हैं तभी तो जो है सिर्फ कागज़ी हैं हकीकत में तो हम सभी पढ़ रहे हैं एक नदी का मरसिया खुद को दिखाने के लिए खैरख्वाह मगर क्या वास्तव में हैं ऐसा ? क्या हमने सीखा अमन-ओ-चैन से रहना ? क्या वास्तव में हम ऐसा ही चाहते हैं ? ये हैं हमारे दोगले चरित्र जिसका असर सब तरफ पड़ रहा है तभी तो नहीं देख पाते हम आतंकवाद का राजनितिक चेहरा और नहीं पढ़ पाते राजनितिक भाषा का आतंकवाद .

तो दोस्तों ये थी कस्तूरी के २४ मृग जो खोज रहे है अपनी अपनी कस्तूरी को मगर शायद नहीं जानते इनकी कस्तूरी तो इनकी कलम में बसी है बस एक बार अपने प्रवाह को अपने अन्दर की  तरफ मोड़ना है फिर तो कस्तूरी में खुद को ही भीगा पाएंगे. ये जो लाल रंग में लिखा है वो सभी कवियों की कविताओं के शीर्षक हैं और बाकी मेरे विचार . एक सहेजने लायक किताब जिसे अंजू  चौधरी और मुकेश कुमार सिन्हा ने सम्पादित किया है जो उनका पहला प्रयास है उस लिहाज से काफी बढ़िया काम किया गया है .  अगर आप सब भी इस कस्तूरी में भीगना चाहते हैं हिंद युग्म से संपर्क कर सकते हैं या फ्लिप्कार्ट से मँगा सकते हैं और इस कस्तूरी की महक को अपने आँगन में सहेज सकते हैं . चलिए दोस्तों मैं चलती हूँ फिर किसी कस्तूरी मृग को ढूँढने तब तक के लिए आप सबको इस कस्तूरी में भीगने के लिए छोड़े जा रही हूँ.

hind yugm
mobile : 9873734046, 9968755908

email: sampadak@hindyugm.com


www.flipcart.com/search-books?query=hind+yugm


 सारी जानकारी आप इन लिंक्स से प्राप्त कर सकते हैं-------